Crime Followup : रालोद नेता ने 17 साल पहले की थी ई-मेल आइडी बनाने की शुरुआत, जानिए पूरी कहानी Aligarh news
प्रधानमंत्री लोन योजना के नाम पर ठगी करने वाला रालोद नेता संजीव सूर्यवंशी वर्ष 2016 यानी पांच साल से लोगों से ठगी कर रहा था। वहीं 17 साल से ई-मेल आइडी बनाने की शुरुआत की थी। 100 से ज्यादा आइडी बना चुका है जिन्हें ठगी के लिए इस्तेमाल करता था।
अलीगढ़, जेएनएन : प्रधानमंत्री लोन योजना के नाम पर ठगी करने वाला रालोद नेता संजीव सूर्यवंशी वर्ष 2016 यानी पांच साल से लोगों से ठगी कर रहा था। वहीं 17 साल से ई-मेल आइडी बनाने की शुरुआत की थी। 100 से ज्यादा आइडी बना चुका है, जिन्हें ठगी के लिए इस्तेमाल करता था। मुंबई पुलिस उसे गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई है। इधर, स्थानीय साइबर पुलिस भी अपने स्तर उसके नेटवर्क को खंगालने में लगी है।
ठगी का मुकदमा दर्ज
जनवरी 2021 में महाराष्ट्र के साइबर थाने में प्रधानमंत्री लोन योजना के नाम पर ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें मुंबई पुलिस ने अलीगढ़ के थाना सासनीगेट क्षेत्र के गंभीरपुरा निवासी रालोद नेता संजीव कुमार सूर्यवंशी व उसके साले को गिरफ्तार किया है। आरोपित रालोद नेता प्रधानमंत्री लोन योजना के नाम पर ठगी करता था। इसके लिए वर्ष 2004 में उसने ई-मेल आइडी बनाने की शुरुआत की थी। तब वह राजस्थान में रहता था। लेकिन, वर्ष 2016 में अलीगढ़ आ गया। रालोद के दफ्तर की आड़ में ठगी का गिरोह संचालित करने लगा। साइबर थाना के इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुंबई पुलिस ने अभी कोई इनपुट नहीं दिया है। लेकिन, आरोपित के बारे में जितनी जानकारी मिली है, उसी आधार पर उसका नेटवर्क खंगालने की कोशिश की जा रही है।
हजारों लोगों से की ठगी
आरोपित संजीव ने हजारों लोगों से ठगी कर रखी है। चूंकि रकम सात-आठ हजार होती थी तो अधिकतर लोग शिकायत भी नहीं करते थे। उसने अलीगढ़ में लोगों को शिकार नहीं बनाया। इसके निशाने पर कर्नाटक व महाराष्ट्र के लोग रहते थे।