राशन डीलर ने की अभद्रता, ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
विकास खंड धनीपुर के ग्राम अधौन में राशन डीलर के खिलाफ ग्रामीण सड़कों पर आए गए। एसपी देहात और सीओ कार्यालय पर न्याय नहीं मिला तो कलक्ट्रेट के गेट पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताअों ने धरने का नेतृत्व किया।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। विकास खंड धनीपुर के ग्राम अधौन में राशन डीलर के खिलाफ ग्रामीण सड़कों पर आए गए। एसपी देहात और सीओ कार्यालय पर न्याय नहीं मिला तो कलक्ट्रेट के गेट पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताअों ने धरने का नेतृत्व किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर निरंकुश होकर कार्य करने का आरोप लगाया। अंत में डीएम कार्यालय में ज्ञापन देते हुए कार्रवाई की मांग की।
महिला से अभद्रता
आरोप है कि गांव के राशन डीलर ने एक ग्राहक से काफी अभद्रता की और उसने ग्राहक को ऐसा धक्का दिया कि पीछे खड़ी हुई महिला जमीन गिर गई। उसे काफी गंभीर चोटें आई। राशन डीलर का ये व्यहार देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सैकड़ों महिला पुरुष एकत्रित होकर ट्रैक्टरों में भरकर अलीगढ़ स्थित एसपी देहात के कार्यालय पर पहुंचे। यहां से उन्हें सीओ बरला के पास भेजा गया। कहीं भी अपनी सुनवाई न होने पर ग्रामीण कलक्ट्रेट के समक्ष धरने पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन और भाजपा सरकार के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ ग्रामीणों ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पूर्व विधायक विवेक बंसल को फोन करके सूचना दी। वह उस समय बाहर थे। कुछ देर बाद ही महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सलाउद्दीन वसी, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रूही खान, विवेक बंसल के प्रतिनिधि ब्रजेश शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आनंद बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता साबीर अहमद, महानगर महामंत्री रवि बघेल आदि धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। करीब एक घंटे तक स्वयं भी धरने पर बैठे। इसके बाद कांग्रेस नेताअों ने प्रशासनिक अधिकारी से संपर्क किया। डीएम को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम को दिया। इसमें राशन डीलर का कोटा निरस्त करने की मांग की गई।