मक्का बिकने के बाद खुले क्रय केेंद्र, अब किसानों की राह तक रहे केंद्र प्रभारी
ये लापरवाह व्यवस्था का एक और उदाहरण है। मक्का खरीद केंद्र तक खोले गए जब ज्यादातर किसान मक्का बेच चुके थे। तब समर्थन मूल्य से अधिक कीमत भी किसानों को मिली। अब क्रय केंद्र खुले हैं तो किसान नहीं मिल रहे।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। ये लापरवाह व्यवस्था का एक और उदाहरण है। मक्का खरीद केंद्र तक खोले गए, जब ज्यादातर किसान मक्का बेच चुके थे। तब समर्थन मूल्य से अधिक कीमत भी किसानों को मिली। अब क्रय केंद्र खुले हैं तो किसान नहीं मिल रहे। केंद्र प्रभारी किसानों के इंतजार में शाम तक केंद्रों पर बैठे नजर आते हैं। सरकार के आदेश हैं, इसलिए केंद्र बंद भी नहीं कर सकते। अब तक इन केंद्रों पर मक्का का एक दाना तक नहीं बिका। जिन किसानों के पास थोड़ा-बहुत मक्का बचा भी है, वे मंडी में ही बेच देते हैं।
15 अक्टूबर को खोले गए थे पांच क्रय केंद्र
जनपद में धनीपुर, खैर, हरदुआगंज और गभाना मंडी में मक्का के पांच क्रय केंद्र 15 अक्टूबर को खोले गए थे। जबकि, ये केंद्र एक अक्टूबर तक खोल देने चाहिए थे। सरकार ने समर्थन मूल्य 1870 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है। जबकि, मंडी में तब 1900 रुपये प्रति कुंतल के भाव किसानों को दिए गए। अधिकांश किसानों ने मंडियों में मक्का बेच दिया। अब मंडियों में मक्का 1750 से 1800 रुपये प्रति कुंतल की दर से खरीदी जा रही है। जिन किसानों पर मक्का बची है, वे क्रय केंद्रों के बजाय मंडी में ही बेच रहे हैं। इसकी वजह है कि क्रय केंद्रों पर साफ मक्का ही खरीदी जा रही है। मक्का को साफ कराने में अतिरिक्त खर्चा आता है। इसलिए किसान क्रय केंद्रों के बजाय मंडी में ही मक्का बेच देता है।
पंजीकरण है जरूरी
- खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण कराकर मक्का को बेचा जा सकता है
- किसान भाई अपने मोबाइल नंबर को आधार से अपडेट करा लें
- प्रदेश सरकार ने 1870 रुपया प्रति कुंतल समर्थन मूल्य निर्धारण किया
खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण जरूरी
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुमार कुलश्रेष्ठ ने बताया कि मक्का का समर्थन मूल्य प्रदेश सरकार द्वारा 1870 रुपये प्रति कुतल निर्धारित किया गया है। क्रय केंद्र पर मक्का बिक्री के लिए किसानों को खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से होता है। किसानों से अपील की गई थी कि वे अपने मोबाइल नंबर को आधार से अपडेट करवा कर मक्का बिक्री के लिए साइबर कैफे या किसी जन सुविधा केंद्र से खाद विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करा लें। उन्होंने बताया कि यदि पंजीकरण में कोई समस्या आती है तो जिला खाद्य विपणन अधिकारी के कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर (057125123824) या फिर मोबाइल नंबर (9919865525) पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। मक्का खरीद की अवधि 15 दिसंबर तक होगी। ये प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही किसान क्रय केंद्रों पर मक्का बेच सकेंगे। यह भी एक वजह थी कि किसान क्रय केंद्रों के बजाय मंडियों में मक्का बेचने पहुंचे।