अलीगढ़ में पोलिंग बूथ पर पथराव करने वालों को चिह्नित कर रही पुलिस Aligarh news
गंगीरी क्षेत्र के गांव चितपुरा में मतदान से एक दिन पहले बुधवार रात को पोलिंग बूथ पर बवाल काटने वाले लोगों को पुलिस चिह्नित करने में जुट गई है। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में भी लिया था। इनसे पूछताछ की जा रही है।
अलीगढ़, जेएनएन । गंगीरी क्षेत्र के गांव चितपुरा में मतदान से एक दिन पहले बुधवार रात को पोलिंग बूथ पर बवाल काटने वाले लोगों को पुलिस चिह्नित करने में जुट गई है। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में भी लिया था। इनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस की ओर से मुकदमा भी लिखने की तैयारी है।
पोलिंग बूथ पर हुआ था हंगामा
गंगीरी थाना क्षेत्र के गांव चितपुरा के पोलिंग बूथ पर रात करीब आठ बजे प्रधान पद के प्रत्याशी सत्येंद्र कुमार बूथ पर लाइट की व्यवस्था करना के लिए गए थे। इस बात की जानकारी दूसरे प्रधान पद के प्रत्याशी व निवर्तमान प्रधान राजकुमार को हुई तो वो भी बूथ पर आ गए। यहां दोनों के बीच किसी को बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों के समर्थक आमने-सामने आ गए। बूथ से हटकर गांव में दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चले। इसी बीच दोनों पक्षों की ओर से पथराव होने लगा। इसमें राजकुमार पक्ष से विनोद व विकास, जबकि सत्येंद्र पक्ष से सर्वेश घायल हुए हैं। इसी बीच हवाई फायरिंग होने लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर दौड़ी और बवाल काट रहे लोगों को खदेड़ दिया। घायलों को छर्रा की सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीओ सुमन कनौजिया का कहना है कि दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। माहौल खराब करने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। इनके खिलाफ पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।