परोपकार सामाजिक सेवा: शहीद करतार सिंह को दी श्रद्धांजलि
परोपकार सामाजिक सेवा संस्था तोछीगढ़ के तत्वावधान में अर्जुन सिंह इंटर कालेज असरोई में जंग ए आजादी के महानायक शहीद भगत सिंह के आदर्श गदर पार्टी के संस्थापक शहीद करतार सिंह सराभा के 106वें शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। परोपकार सामाजिक सेवा संस्था, तोछीगढ़ के तत्वावधान में अर्जुन सिंह इंटर कालेज असरोई में जंग ए आजादी के महानायक शहीद भगत सिंह के आदर्श, गदर पार्टी के संस्थापक शहीद करतार सिंह सराभा के 106वें शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शहीद करतार सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करके श्रद्धांजलि दी और उनके साथ हुए देश के सभी शहीदों को नमन किया।
यह है इतिहास
संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने शहीद की जीवनी सुनाते हुए कहा कि भारत को स्वराज दिलवाने और अंग्रेजी शासन को समाप्त करने के लिए जिन क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी उन्ही निर्भय वीरों में से एक थे। करतार सिंह सराभा का जन्म 24 मई 1896 को लुधियाना के सराभा गांव में सरदार मंगल सिंह के घर हुआ था। वो पढ़ाई के लिए अमेरिका गए थे, भारत को अंग्रेजों की दासता से मुक्त करने के लिये 1913 में अमेरिका के कैलीफोर्निया में बनी गदर पार्टी के अध्यक्ष बने थे। भारत में एक बड़ी क्रान्ति की योजना के सिलसिले में उन्हें अंग्रेजी सरकार ने कई अन्य लोगों के साथ फांसी दे दी। 16 नवम्बर 1915 को लाहौर जेल में करतार सिंह को जब फांसी पर चढ़ाया गया, तब वे मात्र साढ़े उन्नीस वर्ष के थे।
16 नवंबर 1915 को शहीद करतार सिंह के साथ विष्णु गणेश पिंगले, बख्शीस सिंह, जगत सिंह, हरनाम सिंह व सुरेण सिंह को भी फांसी दी गई थी। प्रसिद्ध क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह भी उन्हें अपना आदर्श व अपना प्रेरणा स्रोत मानते थे और उनका फोटो सदैव अपने साथ रखते थे। भारत में ऐसे सैकड़ों गुमनाम शहीद व महापुरुष हुए हैं जिनके अतुलनीय योगदान और शदाहत को सरकारों और देशवासियों द्वारा उचित सम्मान नहीं दिया गया। आज हम उन सभी को नमन करते हैं।
ये रहे मौजूद
विद्यालय प्रबंधक किशन सिंह सिकरवार ने कहा कि शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें भी अपने जीवन में देशहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधा सिंह व संचालन राधा सिकरवार ने किया। इस मौके पर मुकेश शर्मा, अशोक शर्मा, पवन चौधरी, गोपाल सिंह, तीर्थराज सिंह, लोकेश शर्मा, सुधा शर्मा, बवीता देवी, दुर्गेश कुमारी, माधुरी, किशन स्वरूप शर्मा, मानवी, रेनू चौधरी, प्रिंस वर्मा, अतुल चौधरी, तनु चौधरी, राजू, अंजली, श्वेता, शिवानी, खुशी, पायल, कीर्ती, काजल, कुमकुम आदि के अलावा सभी विद्यार्थी मौजूद रहे। परोपकार संस्था द्वारा गांव तोछीगढ़ में भी शहीद करतार सिंह सराभा के शहीद दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई । इस मौके पर अध्यक्ष जतन चौधरी के अलावा रमेश ठैनुआं, रवेंद्र सिंह छोंकर, कन्हा, लोकेंद्र सिंह, कीर्तन, छोटू, सूरज, साधना, गौरव, धर्मवीर, लकी, करन आदि लोग मौजूद रहे।