झमाझम बारिश से लोगों को मिली राहत, प्रशासन को आए पसीने, जानिए मामला
बीते कई दिनों से गर्मी व उमस ने लोगों को परेशान कर दिया था लेकिन शुक्रवार की रात हुई झमाझम बारिश ने मौसम काेे बदल दिया। शनिवार की सुबह खुशगवार रही। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। बीते कई दिनों से गर्मी व उमस ने लोगों को परेशान कर दिया था, लेकिन शुक्रवार की रात हुई झमाझम बारिश ने मौसम काेे बदल दिया। शनिवार की सुबह खुशगवार रही। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के बाद फिर झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। बारिश के चलते लोधा के मूसेपुर गांव के पास 14 सितंबर को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए तैयार किये जा रहे मंच व पंडाल के आसपास भरा बारिश का पानी भर गया।
शुक्रवार की रात से मौसम में आया परिवर्तन
इससे पहले शुक्रवार की रात झमाझम बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले 24 घंटे तक इसी तरह बारिश का अनुमान है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश होने से सड़कें गीली हो गईं हैं। इससे 14 सितंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए हो रही तैयारियों में खलल पड़़ गयी। पंडालस्थल पर पानी भरने से कीचड़़ जमा हो गया। इससे प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। हालांकि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम निर्धारित समय पर होंगे और सकुशल होंगे।
ऐसा है अलीगढ़ में मौसम
शनिवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए हुए थे। ठंडी हवा से सुबह काफी खुशनुमा रही। मार्निंग वाक पर गए लोगों ने मौसम का लुत्फ उठाया। पार्को में चहल-पहल रही। कई दिनों से वातावरण में छाई उमस अब नहीं। दुकानें समय से खुल गईं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी मौसम में बदलाव होता रहेगा। ठंडी हवा व बारिश से वातावरण में नमी बढ़ेगी। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है।
टूटा स्ट्रीट लाइट का पोल
क्वार्सी थाना क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित अतरौली अड्डा के पास ट्रक की टक्कर से स्ट्रीट लाइट का पोल टूटकर सड़क पर गया। इससे कई घंटे तक यातयात बाधित बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार तड़के क्वार्सी चौराहे की ओर से एक ट्रक शहर की ओर आ रहा था। आगे एक कार चल रही थी। अतरौली अड्डा के पास पहुंचते ही कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिसे बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रक की टक्कर से स्ट्रीट लाइट का एक पोल और वहां लगे छोटे पाइप भी टूट गए। इस बीच हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग निकला। इससे वहां जाम के हालात हो गए। इधर, सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने यातायात को डाइवर्ट करके वाहनों को गुजारा । नगर निगम की टीम स्ट्रीट लाइट के टूटे पाइप को सही करने में जुट गई है।