शनिदेव की मुर्ति तोड़ने पर ग्रामीणों में आक्रोश, चार माह पूर्व कराया था मंदिर का निर्माण Hathras news
शनिवार को मंदिर पर पूजा एवं भंडारे का कार्यक्रम हुआ था। रात को अज्ञात लोगों ने शनिदेव की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब लोगों ने देखा तो आक्रोश पनप गया। पुलिस को सूचना दी।
हाथरस, जेएनएन। कोतवाली क्षेत्र के गांव जरीनपुर भुर्रका में गांव के बाहर चार माह पूर्व एक शनिदेव मंदिर का निर्माण कराया गया था। मंदिर में मूर्ति की स्थापना भी की गई थी। शनिवार को मंदिर पर पूजा एवं भंडारे का कार्यक्रम हुआ था। देर रात को अज्ञात लोगों ने शनि देव की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब लोगों ने देखा तो आक्रोश पनप गया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचका गांव वालों से पूछताछ की।
नरेश यादव पुत्र गंगा सिंह निवासी गांव जरीन पुर भुर्रका ने अपने घर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित अपने खेत में 4 माह पूर्व एक चबूतरा बनवा कर उस पर शनिदेव की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कराई थी। शनिवार को शनिदेव मंदिर पर कन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया था। देर रात तक भंडारा चलता रहा। उसके बाद सभी लोग अपने घरों को चले गए। तभी रात में मध्य रात्रि मौका पाकर किसी असामाजिक तत्वों ने शनि देव की मूर्ति को तोड़ दिया। सुबह जब लोगों ने क्षतिग्रस्त मूर्ति को देखा तो लोगों में रोष उत्पन्न हो गया। कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल प्रवेश राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी हासिल की। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि नरेश यादव द्वारा अपने खेत में मूर्ति लगाई गई थी। कल भंडारे का आयोजन हुआ था। रात को किसी ने शरारती तत्व ने मूर्ति को तोड़ दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।