अलीगढ़ में किसानों की दुर्दशा पर रालोद ने खोला भाजपा के खिलाफ मोर्चा
राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने तहसील व विधानसभा स्तर पर धरना प्रदर्शन किया।
जासं, अलीगढ़ : जिले में गन्ना का घटता रकबा व किसानों की दुर्दशा को लेकर रालोद ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने तहसील व विधानसभा स्तर पर धरना प्रदर्शन किया। पूर्व प्रदेश महासचिव अब्दुल्ला शेरवानी ने कहा कि भाजपा ने चीनी मिलों को लेकर किसानों को धोखा दिया है।
पहले चरण में हुए प्रदर्शन की सारसौल स्थित कैंप कार्यालय पर अब्दुल्ला शेरवानी ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चीनी मिल के आधुनिकीकरण को लेकर प्रदेश सरकार ने तमाम दावे किए, अभी तक यह कोरे साबित हुए हैं। भाजपा सरकार के खिलाफ किसानों में गुस्सा है। समीक्षा बैठक में में युवा रालोद ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष नीरज शर्मा, वीरपाल सिंह दिवाकर, शोएब जावेद, अजय चौधरी, मसरूर अहमद, फहीम कादरी, संजय दिवाकर, केपी सिंह, ओपी चौधरी, शोएब खान और अन्नू मौजूद थे।
......
किसानों पर लाठीचार्ज निदनीय : बिजेंद्र
जासं, अलीगढ़ : पूर्व सांसद व सपा नेता चौ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई निदंनीय है। इंसाफ की दुहाई देने वाली भाजपा ऐसी हरकतों से बाज आए। देश का किसान लाठीचार्ज से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में पांच सितंबर को होने वाली किसान महापंचायत में बड़ी तादात में किसान जुटेंगे।
........
किसानों की सुनी समस्याएं
जासं, अलीगढ़ : प्रतिष्ठा हेल्पलाइन के चेयरमैन डीआर यादव ने अतरौली के गांव दत्ताचोली खुर्द में जाकर किसानों का हालचाल लिया। कहा कि क्षेत्र के किसानों की हालत दयनीय है। बताया कि किसान साहब सिंह कुशवाहा ने रोते हुए कहा कि न खाने को कुछ है और न पहनने को कपड़े हैं। किसान के आंसू पोंछते हुए आश्वासन दिया है कि उनको जो भी जरूरत होगी, वे उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान महिपाल सिंह यादव, चंद्रमा यादव, अजय प्रताप, सुब्हान खान, मिटू आदि मौजूद रहे।