शहरों की तर्ज पर गांव में भी होगा कूड़ा निस्तारण Aligarh News
अब गांव में भी शहरों की तर्ज पर कूड़ा निस्तारण होगा। पंचायती राज विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है। 1500 से 2000 वर्ग मीटर जमीन का चिन्हांकन कर इसमें यार्ड बनाए जाएंगे। इन यार्ड में पूरे गांव के कूड़े को एकत्रित किया जाएगा।
अलीगढ़, जेएनएन। अब गांव में भी शहरों की तर्ज पर कूड़ा निस्तारण होगा। पंचायती राज विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है। 1500 से 2000 वर्ग मीटर जमीन का चिन्हांकन कर इसमें यार्ड बनाए जाएंगे। इन यार्ड में पूरे गांव के कूड़े को एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद इस कूड़े से जैविक खाद तैयार होगा। सीडीओ ने इसके लिए सभी ग्राम प्रधान व सचिवों को आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें तत्काल प्रभाव से इस पर काम करने के निर्देश दिए हैं।
यह है योजना
डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि अब सभी प्रधानों ने शपथ लेने के बाद काम शुरू कर दिया है। ऐसे में सीडीओ के निर्देश पर जिले में 10 प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन कर तेजी से पूरा करने का फैसला लिया गया है। इसमें एक कूड़ा निस्तारण भी है। गांव देहात में फिलहाल कूड़ा एक बड़ी समस्या है। हर गांव में इसके ढेर लगे रहते हैं। अब ऐसे में पंचायती राज विभाग ने अब कूड़े का निस्तारण कर उसे जीवाश्म खाद में बदलकर उसकी बिक्री करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में जिले की 867 ग्राम पंचायतों में से 509 ग्राम पंचायतों में इसकी शुरुआत हो हो रही है। 1500 से 2000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले यार्ड के निर्माण में करीब 5 लाख रुपये का खर्च आएगा। 15वें वित्त के टाइड फंड से इसकी पूर्ति होगी। घरों से कूड़ा एकत्रित करने की जिम्मेदारी महिला समूहों को मिलेगी। इससे गांव के कूड़े का निस्तारण तो होगा ही, साथ ही ग्राम पंचायत की आय भी बढ़ेगी। तहसील स्तर पर प्लास्टिक निस्तारण के लिए भी प्लांट लगाए जा रहे हैं।