अलीगढ़ में डेंगू व बुखार ने ली नौ लोगों की जान
सात मौत बरला क्षेत्र के गांव दतियावली में ही हुई मृतकों में दो किशोर दो किशोरी व दो महिलाएं शामिल निजी चिकित्सक व स्टाफ नर्स की भी बुखार से मौत।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : जिले में डेंगू व बुखार जानलेवा हो रहा है। बरला क्षेत्र के गांव दतियावली में 24 घंटे के भीतर डेंगू व बुखार से सात लोगों की मौत हो गई। इनमें दो किशोर, दो किशोरी व दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती एक निजी चिकित्सक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसी चिकित्सालय की एक स्टाफ नर्स की दिल्ली के एम्स में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
थाना बरला क्षेत्र के गांव दतियावली के महीपाल की 15 वर्षीय बेटी प्रीति को दो दिन से बुखार था। एक निजी चिकित्सक से दवा ले ली। जांच में प्लेटलेट्स गिरी आईं। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। रक्षपाल के 12 वर्षीय बेटे अजय को चार दिन से बुखार था। उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। शाकिर की पत्नी सन्नो (32 वर्ष) को गुरुवार शाम बुखार आया। उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। शनिवार को डाक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। नेत्रराम का 14 वर्षीय बेटा विशाल, रामअवतार की 15 वर्षीय बेटी राखी, रामपाल सिंह का 25 वर्षीय बेटा विनोद भी बुखार की चपेट में आकर चल बसा। इसी तरह 50 वर्षीय भूदेवी को बुखार आया था, उनकी भी शनिवार को मृत्यु हो गई। तीन मरीजों की मृत्यु तो शनिवार को चार घंटे के भीतर ही हुईं है। विभागीय टीमों ने गांव में शिविर लगाकर मरीजों का इलाज किया। छर्रा विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह भी गांव पहुंचे। हालात का जायजा लेने के बाद अफसरों को बचाव व उपचार के उपाय करने को कहा। उधर, दीनदयाल अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती डा. नरेश सिंह की भी बुखार से मौत हुई। वहीं, स्टाफ नर्स सुमीता को गुरुवार को दीनदयाल से दिल्ली रेफर किया गया। शनिवार शाम उनकी भी मृत्यु हो गई।