Commissioner Inspection : अचल सरोवर में स्थापित होंगे नए मंदिर, प्रतिष्ठित होंगी देव प्रतिमाएं, जानिए विस्तार से Aligarh News
इन दिनों अचल सरोवर के सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्यों के चलते कुछ छोटे मंदिर हटा दिए गए हैं। मंदिरों से निकलीं देव प्रतिमाएं खुले रखी हुई हैं। कमिश्नर गौरव दयाल ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। इन दिनों अचल सरोवर के सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्यों के चलते कुछ छोटे मंदिर हटा दिए गए हैं। मंदिरों से निकलीं देव प्रतिमाएं खुले रखी हुई हैं। कमिश्नर गौरव दयाल ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि नए मंदिरों का निर्माण जल्द ही हो, तब तक देव प्रतिमाओं को दूसरे मंदिरों में प्रतिष्ठित कराया जाए। कमिश्नर के निर्देश पर निर्माणदायी संस्था ने कार्यवाही शुरू कर दी है। इसके लिए मंहतों से संपर्क किया जा रहा है।
कमिश्नर ने परखी हकीकत
दरअसल, कमिश्नर ने बुधवार को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया था। वह आगरा रोड स्थित निर्माणाधीन स्काई टावर पर पहुंचे। यहां पुराना ओवरहेड टैंक ढहाने, दीवार व रास्ते का विवाद हल कराने निर्देश दिए। इसके बाद अचल सरोवर पर निर्माण कार्य देखा। यहां ट्यूबवेल काे शिफ्ट करने के लिए भी नगर आयुक्त गौरांग राठी से कहा। कार्यदायी संस्था राज्य निर्माण निगम के इंजीनियरों से उन्होंने निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। कमिश्नर ने सेवाभवन में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के अलावा लालडिग्गी पर निर्माणाधीन ग्रीन बिल्डिंग भी देखी। यहां एंट्री और एग्जिट एरिया में पार्किंग के लिए जगह तलाशने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतें हो प्रभावी
कमिश्नर ने कहा कि कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आने वाली शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने वार्डों में कूड़ा उठाने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी की। साथ ही कंट्रोल रूप पर दर्ज होने वाली शिकायतों पर कार्यवाही करने के लिए सात दिन में व्यवस्थाओं को प्रभावी करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने नगर आयुक्त को एटूजेड द्वारा शहर के प्रमुख कलेक्शन प्वाइंट से नियमित कूड़ा उठाने, सभी डिवाइडर के आसपास युद्धस्तर पर अभियान चलाकर सफाई कराने और सड़क के दोनों किनारों से प्लास्टिक का कचरा उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाली प्लाटों में कूड़ा न पड़ने दिया जाए। विद्युत पोलों पर तारों को व्यवस्थित कर पोल पर पेंट कराने को कहा है।