गंदगी व जलभराव का केंद्र बनकर रह गया हाथरस में मुरसान का पार्क
मुरसान क्षेत्र के ग्राम भकरोई में जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं होने से सड़कों पर जलभराव हो गया है। इसके चलते रास्तों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक दिक्कतें इधर से गुजरने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हाथरस, जागरण संवाददाता। मुरसान क्षेत्र के ग्राम भकरोई में जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं होने से सड़कों पर जलभराव हो गया है। इसके चलते रास्तों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक दिक्कतें इधर से गुजरने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इसके चलते संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। गांव भकरोई में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाली सड़कों पर आकर जमा हो रहा है। इससे सड़क भी समय से पहले टूट गई हैं। गहरे गड्ढे हो जाने से इनमें आए दिन वाहन व राहगीर दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। सबसे अधिक दिक्कतें राहगीरों को भुगतनी पड़ रही हैं। वहीं इस समस्या से स्थानीय लोग भी परेशान हैं। शिकायतों के बाद भी इस समस्या का कोई निराकरण नहीं किया गया है।
आंबेडकर पार्क में जमा हो रहा पानी
सड़कों से होता हुआ यह पानी सड़क सहारे बने आंबेडकर पार्क में जमा होने लगा है। इससे यहां चारों ओर गंदगी फैल गई है। पानी की निकासी के लिए ग्राम प्रधान सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जलभराव के चलते पार्क में लोगों का आवागमन भी बंद हो गया है।
इनका कहना है
जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण अांबेडकर पार्क में जलभराव रहता है। पार्क में दूषित जल भरा रहने से बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ती जा रही है।
- मनवीरा देवी, निवासी
भकरोई में बने आबेडकर पार्क में गंदा पानी भरा होना दुख का विषय है। कई बार नेता आते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं। अब वोट उसी को देंगे जो पार्क का सुंदरीकरण कराएगा।
- जमुना, निवासी
जलभराव की समस्या को लेकर कई बार मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों समेत तहसील दिवसों में की गई। लेकिन समस्या का कोई निदान नहीं निकल सका।
- ऋषिपाल सिंह, निवासी