अलीगढ़ में समर्थकों को साथ लेकर सपा को करेंगे मजबूत : सगीर
बसपा छोड़कर सपा में शामिल नेता का पार्टी कार्यालय पर किया गया स्वागत।
जासं, अलीगढ़ : हाथी से उतर कर साइकिल पर सवार हुए मोहम्मद सगीर का क्वार्सी बाईपास स्थित सपा कार्यालय पर स्वागत किया गया। पार्टीजनों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाईं। उन्होंने कहा कि समर्थकों को साथ लेकर वह सपा को मजबूत करेंगे।
लखनऊ में सपा मुख्यालय पर पार्टी के सदस्यता लेने के बाद अलीगढ़ लौट रहे नेताओं का स्वागत हो रहा है। रविवार को मोहम्मद सगीर समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे। सपा के पूर्व शहर विधायक जफर आलम, जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, रत्नाकर पांडेय, मनोज यादव आदि नेताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यालय पर ही एमएलसी चुनाव व विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा भी हुई। मोहम्मद सगीर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर जो भरोसा किया है, उस पर वे खरे उतरेंगे। पार्टी में शामिल होने के लिए नेतृत्व के सामने कोई शर्त नहीं रखी है। प्रदेश में पुन: सपा सरकार बनाना लक्ष्य रहेगा। इस अवसर पर डॉ. कृपाल सिंह, गुड्डा यादव, जस्सू शेरवानी, विकास पांडेय, सितारा बेगम, इसरार सोलंकी आदि मौजूद रहे। उधर, पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह के सपा में शामिल होने पर समर्थकों ने उनके आवास पर पहुंच कर बधाई दी। पूर्व सांसद ने खैर के गांव सालपुर, करनपुर व इगलास का भी दौरा किया, जहां उनका लोगों ने स्वागत किया। वार्ड 47 के लोगों ने बसपा पार्षद शाकिर अली को मिठाई खिलाकर सपा की सदस्यता लेने पर बधाई दी। इस अवसर पर राहत सैफी, चांद खान, जाहिद, फाजिल, नूर हसन, हाजी मोहम्मद, जमील आदि समर्थक मौजूद रहे।
...
पहले दिन ही महसूस हुई खटास
समाजवार्दी पार्टी का कुनबा बढ़ने से स्थानीय राजनीति में हलचल मची हुई है। रविवार को पार्टी कार्यालय पर यह महसूस भी हुआ। पार्टी की ओर से कोई कार्यक्रम यहां प्रस्तावित नहीं था। नए सदस्यों के आने की सूचना मिली तो पार्टीजन पहुंच गए। मोहम्मद सगीर और प्रधान संगठन के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ही कार्यालय आए। स्वागत मोहम्मद सगीर का ही हुआ। ये देख अर्जुन सिंह लौट गए। चर्चा है कि 40 प्रधानों को पार्टी में लाने का श्रेय कुछ नए सदस्य लेना चाहते हैं, जबकि इसकी घोषणा सपा मुख्यालय पर अर्जुन सिंह ने की थी। कहा यह भी जा रहा है कि नए सदस्यों के आने से पुरानों को कद घटने की चिता सता रही है।
...........
पार्टी नेतृत्व के आदेश थे कि सदस्यता लेने के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे, इसीलिए गया था, लेकिन वहां मोहम्मद सगीर के अलावा पार्टी में शामिल कोई अन्य व्यक्ति न देख लौट गया। सभी साथ होते तो ठीक रहता।
अर्जुन सिंह, अध्यक्ष प्रधान संगठन
..
कार्यालय पर स्वागत समारोह का कोई कार्यक्रम पार्टी की ओर से आयोजित नहीं था। कोई घर आता है तो सम्मान तो करना पड़ता है, इसीलिए पार्टीजन पहुंचे थे। जो लोग पार्टी में आए हैं, उन सभी का हम स्वागत करते हैं। सभी मिलकर पार्टी को मजबूत करेंगे।
गिरीश यादव, सपा जिलाध्यक्ष