दो दिन बाद आज खुले बाजार, होगी त्योहारी खरीदारी Aligarh news
अब पांच दिन तक पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी। बाजार सरकारी व निजी दफ्तर आदि फिर से खुले। इसके अलावा होटल-रेस्टोरेंट और मॉल भी खुले।
अलीगढ़, [जेएनएन]। सोमवार को बाजार खुला। त्योहार की खरीदारी के लिए बाजार में चहल-पहल दिखी। दो दिन के लॉकडाउन के बाद सोमवार से प्रदेश के चारों जिलों में फिर से बाजार खुले। अब पांच दिन तक पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी। बाजार, सरकारी व निजी दफ्तर आदि फिर से खुले। इसके अलावा होटल-रेस्टोरेंट और मॉल भी खुले। हालांकि, इस दौरान दो गज की दूरी के पालन के साथ ही मास्क लगाना अनिवार्य होगा। सोमवार को सुबह सात बजे दूध, दही, फल, सब्जी की दुकान व ढेल पर भीड़ थी। नौरंगाबाद, छावनी, दुबे पड़ाव में सब्जी की खरीदारी करते हुए ग्राहक देखे गए। छर्रा पुल अड्डा स्थित दूध की दुकानों पर कतार लगी हुई थी। इसी तरह का नजारा रामघाट रोड निकट जनकपुरी पर देखने को मिला। मामूभांजा स्थित हलवाई की दुकान का शटर डाउन था। मगर दूध की बिक्री गई। इसी तरह विभिन्न बाजारों में भी यह सेवा जारी रही।
प्रदेश लॉक डाउन में रविवार को दूसरे दिन बाजार तो बंद रहे, मगर सड़कों पर आवागमन जारी था। पुलिस ने बकरी ईद व रक्षाबंधन के चलते वाहन चलाने में ढिलाई रखी। दुपहिया व चार पहिया वाहन बे रोक टोक के चल रहे थे। गली मोहल्लों की दुकानों पर घेवर भी बनाया जा रहा था। रामघाट रोड निकट गांधी आई हॉस्पीटल आधा शटर डाउन कर दुकानें खोली देखी गईं।
सुबह के 11 बजे बजते ही क्षेत्रीय पुलिस ने सड़कों पर लगने वाले फड़ खाली करा दिए। वहीं जीटी रोड व आगरा रोड पर आवागमन था। कंपनी बाग पर यात्रियों की भीड़ थी। इस दौरान महानगर के पेट्रोल पंप की सेवाएं लगातार जारी रहीं। दवा की दुकानें खुली रही। थोक दवा बाजार फफाला बंद रहा।
नहीं होगी साप्ताहिक बंदी, खुलेंगे बाजार
महावीरगंज खाद्यान व्यापार मंडल के महामंत्री विशाल भगत ने कहा कि सोमवार को महावीरगंज दाल मंडी खुलेगी। ग्राहक शारीरिक दूरी के पालन के लिए कम ही आएं। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी नहीं होगी। बाजार खुलेगा।
एक मार्गीय व्यवस्था का सख्ती से हो पालन
दो दिल लॉक डाउन के बाद सोमवार को बाजार खुलेंगे। इस दौरान त्योहारों की खरीदारी के लिए ग्राहकों का उमडऩा तय है। एक अगस्त को बकरी ईद व तीन अगस्त को रक्षा बंधन। रेलवे रोड, बडा बाजार, मामूभांजा रोड, पत्थर बाजार व महावीर गंज बाजार में पिछले दिनों यातायात व्यवस्था ध्वस्त रही। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव अनिल सेंचुरी ने कहा कि बाजारों में एक व्यवस्था है। इसका सख्ती से पालन किया जाए। बाजारों में भारी संख्या में ई रिक्शा आना जाम का प्रमुख कारण बने हैं। इन बाजारों में ई रिक्शा प्रतिबंधित किए जाएं।