तहसील से बक्सा चोरी का मुख्य आरोपित आगरा के निकले, पुलिस की दबिश जारी
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के तहसील कोल परिसर से दिनदहाड़े स्टांप विक्रेता के बिस्तर से बक्सा चोरी करने के मामले में पुलिस ने टेंपो को ट्रेस कर लिया है। इस आधार पर कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया। लेकिन मुख्य आरोपित अभी नहीं पकड़े गए हैं।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। थाना बन्नादेवी क्षेत्र के तहसील कोल परिसर से दिनदहाड़े स्टांप विक्रेता के बिस्तर से बक्सा चोरी करने के मामले में पुलिस ने टेंपो को ट्रेस कर लिया है। इस आधार पर कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया। लेकिन, मुख्य आरोपित अभी नहीं पकड़े गए हैं। जानकारी मिल रही है कि आरोपित आगरा के हैं। ऐसे में पुलिस की टीम आगरा में भी दबिश दे रही है।
कोल तहसील से बक्सा चोरी
धनीपुर मंडी के सामने विकास लोक कालोनी निवासी गंगा सिंह यादव नुमाइश ग्राउंड के सामने स्थित तहसील कोल में स्टांप विक्रेता हैं। तहसील के पहले गेट पर तीसरा नंबर बिस्तर उन्हीं का है। इनके पीछे वीरेंद्र पाल सिंह कातिब का बिस्तर है। गंगा सिंह करीब 23 साल से यहां बैठ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो स्टांप का करीब तीन लाख ढाई हजार रुपये कैश इकट्ठा हो गया था, जो बक्से में रखा था। गंगा के मुताबिक, कैश को बैंक में जमा करना था। लेकिन, पांच जनवरी को दोपहर करीब दो बजे वह किसी काम से ई-स्टांप सेंटर में चले गए। इस दौरान बिस्तर को चेन से बांधना भूल गए। उनके साथ स्टाफ के सदस्य छेरत निवासी अर्जुन भी थे। करीब साढ़े तीन बजे गंगा सिंह लौटे तो देखा कि बक्सा गायब था। आसपास पूछताछ की गई तो नुक्कड़ पर फोटोग्राफी की दुकान चलाने वाले युवक ने किसी को बक्से को ले जाते हुए देखा था।
सीसीटीवी में दिखे दो लोग
गंगा सिंह ने बताया कि बक्से में कैश के अलावा 25-26 हजार रुपये के स्टांप, सरकारी रजिस्टर, बैंक संबंधी कागजात भी रखे थे। इनमें 10, 20, 50, 100, 500 के स्टांप शामिल हैं। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो दो लोग कैमरे में कैद हो गए। तीसरा युवक टेंपो में भी दिख रहा है। पुलिस ने टेंपो को ट्रेस कर लिया है। कुछ संदिग्ध लोगों को भी उठाया। सीओ द्वितीय मोहसिन खान ने बताया कि आरोपितों की तलाश में आगरा में भी दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपितों का पता लगा लिया जाएगा।