डीएम आवास के सामने पार्क में खिलेंगे कमल के फूल Aligarh News
शहर का घंटाघर पार्क शुद्ध हवा के साथ मन को सुकून भी देगा। इसे आदर्श पार्क के रूप में विकसित करने की रूपरेखा नगर निगम ने तैयार कर ली है। पार्क की दीवारों को आकर्षक पेंटिंग से सजाया।
अलीगढ़ (जेएनएन)। शहर का घंटाघर पार्क शुद्ध हवा के साथ मन को सुकून भी देगा। इसे आदर्श पार्क के रूप में विकसित करने की रूपरेखा नगर निगम ने तैयार कर ली है। पार्क की दीवारों को आकर्षक पेंटिंग से सजाया जाएगा। फव्वारे में कमल के फूल नजर आएंगे। शाम के वक्त पार्क रंग-बिरंगी छटा बिखेरेगा, इसके लिए लाइट लगाई जा रही हैं। इस हफ्ते पार्क को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।
पार्क में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
डीएम आवास के सामने घंटाघर पार्क का निर्माण एडीए ने कराकर नगर निगम को सौंप दिया था। पार्क के रखरखाव, साफ-सफाई, फुलवारी आदि व्यवस्था निगम ही करा रहा है। सुरक्षाकर्मी की तैनाती न होने से करीब पांच माह पहले पार्क में लाइट चोरी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने की शिकायतें बढऩे लगीं। तभी से यह पार्क आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था। विशेष अवसर या आयोजन पर ही खोला जाता है। अब इसे आम लोगों के लिए नियमित खोलने का निर्णय नगर निगम ने लिया है। इससे पहले इसका सुंदरीकरण कराया जाएगा। पेड़-पौधों की छटाई के लिए दो मालियों की नियुक्ति पहले से ही है, लेकिन सुरक्षाकर्मी नहीं थे। अब दो सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जा रही है, जिनकी ड्यूटी दिन-रात रहेगी। पार्क में पेंटिंग करने के लिए मथुरा से पेंटर बुलाए जा रहे हैं। पार्क के अंदर और चारों ओर लाइट लगाई जाएंगी। फव्वारे को भी आकर्षक रूप दिया जाएगा, इसमें कमल के फूल भी देखने को मिलेंगे।
होगा ओपन जिम भी
घंटाघर पार्क में जिम खोलने की भी योजना है। शहर में करीब 50 पार्कों को ओपन जिम के लिए चिह्नित किया गया है। सभी में विभिन्न तरह की दस मशीनें लगाई जाएंगी। घंटाघर पार्क में भी लोगों को व्यायाम करने की सुविधा मिल सकेगी।
सुरक्षा कर्मी होंगे तैनात
नगर निगम के जोनल अधिकारी अजीत राय का कहना है कि घंटाघर पार्क का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। देखरेख करने के लिए दो सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। अगले तीन-चार दिन में यह पार्क आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।