Kisan Panchayat : कृषि कानून के मुद्दे पर फिर जुटी किसान पंचायत Aligarh News
किसान संगठन किसी न किसी गांव में पंचायतें कर रहे हैं। ये पंचायत अब संगठन के कार्यालयों में भी होने लगी हैं। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के विष्णुपुरी स्थित कैंप कार्यालय में पंचायत आयोजित की गई।
अलीगढ़, जेएनएन। कृषि कानून के मुद्दे को गरम रखने के लिए किसान संगठन किसी न किसी गांव में पंचायतें कर रहे हैं। ये पंचायत अब संगठन के कार्यालयों में भी होने लगी हैं। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के विष्णुपुरी स्थित कैंप कार्यालय में पंचायत आयोजित की गई। इसमें कृषि कानून के खिलाफ चल रहे आंदोलन को धार देने की रणनीति बनाई गई। किसान नेताओं 23 मार्च को पैदल मार्च कर शहीद दिवस मनाने का निर्णय लिया है।
युवा किसानों का उत्साहवर्धन होगा
पंचायत की अध्यक्षता अशोक शर्मा ने की और संचालन बृजेश यादव ने किया। जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने बताया कि शहीद भगत सिंह युवाओं के मार्गदर्शक थे। वह अलीगढ़ के गांव शादीपुर में करीब 18 माह रहे थे। अन्याय के खिलाफ लड़ने की युवा किसानों को उन्हीं से प्रेरणा मिली है। संगठन ने निर्णय लिया है कि 23 मार्च को शादीपुर में शहीद दिवस मनाया जाएगा। इससे युवा किसानों का उत्साहवर्धन होगा। वह शहीद भगत सिंह के विचारों से प्रेरित होकर कृषि कानून विरोधी आंदोलन में जोश के साथ खड़े होंगे। अनुराग शर्मा ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय से पदयात्रा करते हुए शादीपुर गांव पहुंचेंगे। प्रदेश महासचिव डा. बबलू ठाकुर ने कहा कि पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि शादीपुर गांव तक पदयात्रा करने के बाद शहीद दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद दिल्ली के चिल्ला बार्डर पर पहुंचकर संगठन शहीद दिवस मनाएगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय को इस पंचायत द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय से अवगत करा दिया गया है। पदयात्रा में अधिक से अधिक किसानों को शामिल करने का प्रयास रहेगा। पंचायत में तहसील उपाध्यक्ष जसराज सिंह, पंकज शर्मा, भूपेंद्र अवस्थी, डा. पंकज वर्मा, संजू ठाकुर, गजेंद्र सिंह, दीपक पाराशर, डा. किशोर सिंह, मंगल सैनी, पवन रावत आदि मौजूद रहे।