Kisan Movement : अलीगढ़ में किसान महापंचायत नौ को गौंडा में, एक लाख जुटेंगे किसान
रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी नौ फरवरी को गौंडा क्षेत्र के गांव मुड़वार पैठ मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर जिले के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को जयंत से दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की।
अलीगढ़, जेएनएन। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी नौ फरवरी को गौंडा क्षेत्र के गांव मुड़वार पैठ मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर जिले के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को जयंत से दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। कृषि कानून वापसी को लेकर देशभर में किसान आंदोलन चल रहा है। इस महापंचायत में भी एक लाख किसान जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। इस महापंचायत में आसपास के जिलों से भी किसान नेता आएंगे।
इगलास में बैठक आज
रालोद के नवनियुक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष चौ. बदन सिंह बुधवार को इगलास के चाची गेस्ट हाउस में बैठक को संबोधित करेंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी ने कहा कि बदन सिंह का पहली बार आगमन पर कार्यकर्ता जोशीला स्वागत करेंगे। साथ ही किसान महापंचायत की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वे जिला व विधानसभा स्तर पर महापंचायत की जिम्मेदारियां देंगे। पूर्व प्रदेश महासचिव अब्दुला शेरवानी ने कि कार्यकर्ता किसान पंचायत को सफल बनाने में जुट गए हैं। इस महापंचायत में एतिहासिक भीड़ जुटेगी।
युवाओं का लक्ष्य तय
किसान पंचायत को लेकर पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नवाब सिंह छौंकर व पूर्व जिला उपाध्यक्ष गोपाल चौधरी (नोहरे वाले) के नेतृत्व में मंगलवार को जयंत चौधरी से दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। किसान महापंचायत की तैयारियों लेकिर चर्चा की गई। छौंकर ने कहा कि इस महापंचायत में एक लाख किसान व युवाओं को जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस मौके पर बनवारी लाल, धर्म वीर सिंह, सुरेंद्र सिंह (पहरा), बंटी चौधरी, ओमवीर सिंह आदि मौजूद थे।