कल्याण सिंह परिवार के साथ करेंगे राम लला के दर्शन Aligarh news
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण को लेकर हमेशा से सुर्खियों में रहे हैं
अलीगढ़, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह परिवार के साथ अयोध्या में राम लला के जल्द दर्शन करेंगे। कल्याण सिंह के पुत्र और एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने बताया कि बाबूजी को भूमिपूजन के एक दिन पूर्व चार अगस्त को रामलला के दर्शन करने जाना था। कार्यक्रम तय हो गया था, मगर अयोध्या में भीड़-भाड़ के चलते उन्होंने कार्यक्रम स्थगित कर दिया था। अब जल्द ही अयोध्या जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण को लेकर हमेशा से सुर्खियों में रहे हैं, उन्होंने अभी हाल में कहा भी था कि विवादित ढांचा गिरने के बाद ही अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सका था। अयोध्या में पांच अगस्त को भूमिपूजन कार्यक्रम में उनके जाने की चर्चाएं तेज हुईं थीं। हालांकि, कल्याण सिंह ने चार अगस्त को अयोध्या जाने की तैयारी कर ली थी।
राजवीर सिंह राजू भैया ने बताया कि चार अगस्त को अयोध्या में काफी भीड़-भाड़ थी, ऐसे में बाबूजी को दिक्कत हो जाती। इसलिए अब जल्द ही अयोध्या प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए जाएंगे। बाबूजी के साथ राजवीर सिंह राजू भैया और कल्याण सिंह के नाती व सूबे के वित्त, चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह भी रहेंगे। कुछ प्रमुख लोग भी हो सकते हैं। राजू भैया ने कहा कि इस समय अयोध्या में भीड़ नहीं होगी। ऐसे में दर्शन करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। हालांकि, कोई तिथि अभी नहीं बताई है।