एक फोन कॉल ने काफूर की खुशियां, धरी रह गईं वधू पक्ष की तैयारियां Aligarh news
छर्रा के एक गांव में शादी की तैयारियों में मशगूल वधू पक्ष के उस समय होश उड़ गए जब अचानक फोन पर एक लड़की द्वारा खुद को दूल्हे की पत्नी हाेने का दावा किया गया। लड़की ने लड़के के साथ अपनी तस्वीर भेजीं तो वधू पक्ष में खलबली मच गई।
अलीगढ़, जेएनएन : छर्रा क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह की तैयारियों में मशगूल वधू पक्ष के उस समय होश उड़ गए, जब अचानक फोन पर एक लड़की द्वारा खुद को दूल्हे की पत्नी हाेने का दावा किया गया। लड़की ने जब नेट द्वारा उनके फोन पर उस लड़के के साथ अपनी तस्वीर भेजीं तो वधू पक्ष में खलबली मच गई। 30 नवंबर को बारात आनी है, जहां तहां शादी के कार्ड भी बंट गए। घर में जहां खुशियों का माहौल था, घर के प्रत्येक सदस्य ने शादी की रस्मों के लिए अलग-अलग प्लान व तैयारियां की हुई थी और नाते रिश्तेदारों का आना जाना लगा हुआ था, अब वहां मातम सा पसरा हुआ है। ससुराल में जाकर एक नए जीवन की शुरूआत के सपने संजोए बैठी युवती गुमसुम है। पिता ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी व मानहानि की छर्रा पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच करने की बात कह रही है।
नोएडा में करता है नौकरी
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का रिश्ता बुलंदशहर के पहासू क्षेत्र के युवक के साथ तय हुआ था। युवक नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता है। कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को लग्न जानी थी और सोमवार को गांव में बारात आनी है। घर के पुरुष पूरे जोश के साथ जहां शादी समारोह की तैयारियों में जुटे हुए थे, वहीं महिलाएं हंसीखुशी के साथ मंगल रस्मों को पूरा कर रही थी। दो दिन पूर्व परिवार के एक युवक के फोन पर अचानक एक कॉल आया। फोन पर दूसरी ओर से एक लड़की ने कहा कि जिस लड़के के साथ आपके परिवार की लड़की की शादी तय हुई है, वह उसकी पत्नी है। वह नोएडा में ही उसके साथ नौकरी करती है। उन्होंने दो साल पूर्व शादी कर ली है और वह गर्भवती भी है। लड़की ने शादी समारोह की तैयारियां बंद करने को कहा। जब यह बात लड़की के पूरे परिवार को पता चली तो सबके सब सन्न रह गए और उनके चेहरों की हवाइयां उड़ गई। उसके बाद उस लड़की ने उनके फोन पर युवक के साथ लिए गए अपने कुछ फोटो भी भेज दिए। जिन्हैं देखकर युवती के स्वजनों को उसकी बातों पर पूरा यकीन हो गया। अचानक घर में सन्नाटा पसर गया।
फोन करने वाली लड़के की रिश्ते में मौसरी बहन है
युवती के पिता ने बताया कि जिस लड़के के साथ उसने पुत्री का रिश्ता किया था, उसके बड़े भाई को उसकी भांजी ब्याही है। जानकारी करने पर पता चला है कि जिस लड़की ने फोन किया था वह उस लड़के की रिश्ते की मौसेरी बहन है। दोनों नोएडा में साथ-साथ नौकरी करते हैं तथा दो साल पहले ही दोनों ने शादी कर ली है। लड़के के स्वजनों ने इसकी कोई जानकारी होने से मना किया है। फरवरी माह में गोदभराई की रस्म के दौरान उसने सोने के जेवरात, कपड़े व बीस हजार रुपये खर्च किए थे। युवती के पिता ने लड़का पक्ष द्वारा आपराधिक षडयंत्र के तहत ठगी व मानहानि का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।