दूधिया रोशनी से नहाएगी अलीगढ़ की जामा मस्जिद
मस्जिद को संवारने की कार्ययोजना बनी महापौर व नगर आयुक्त ने लिया जायजा।
जासं, अलीगढ़ : शहर की ऐतिहासिक इमारतों को संवारने की कवायद नगर निगम ने शुरू कर दी है। घंटाघर के सुंदरीकरण के बाद ऊपरकोट जामा मस्जिद को सजाने, संवारने की कार्ययोजना तैयार हुई है। गुरुवार को मेयर मोहम्मद फुरकान व नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने मस्जिद का दौरा कर मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। मस्जिद में तमाम लोगों से सुंदरीकरण पर चर्चा भी की। लोगों ने इस नगर निगम के इस कदम का स्वागत किया।
स्मार्ट सिटी की तकनीकी टीम के साथ जामा मस्जिद पहुंचे नगर आयुक्त ने स्थानीय नागरिक, पार्षद व मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मस्जिद के सुंदरीकरण व नगर निगम संबंधी समस्याओं पर चर्चा की। महापौर ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सुंदरीकरण कराने को कहा। नगर आयुक्त ने मस्जिद के आसपास क्षेत्रों का भ्रमण कर क्षेत्रीय लोगों से समस्याएं जानीं और शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया। नगर आयुक्त ने बताया शहर की ऐतिहासिक इमारतों को आकर्षक लाइटिग व सोलर पैनल लगाकर संवारने का निर्णय लिया गया है। जामा मस्जिद का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी लाइटिग और सोलर पैनल लगाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई होगी। महापौर ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना में ऐतिहासिक इमारतों के सुंदरीकरण का कार्य सराहनीय पहल है। दीवानी कचहरी, घंटाघर, चर्च, जवाहर भवन समेत सभी ऐतिहासिक व प्रमुख धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद मुशर्रफ हुसैन, पूर्व पार्षद इरशाद फरीदी, हाजी यासीन पेंटर, जामा मस्जिद के इमाम पूर्व पार्षद नदीम, देश दीपक, अहसान रब, सतीश आदि मौजूद थे।