Aligarh Weather Forecast : सुबह ठंडी पुरबा-बदरा छाए, दोपहर में चिलचिलाती धूप से पसीने आए
मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है लेकिन गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही। शनिवार को आसमान में बदरा छाने व ठंडी पुरबा से मौसम खुशगवार हो गया। बारिश होने की संभावना लगी लेकिन बदरा ओझल हो गए और तेज धूप निकल आई।
अलीगढ़, जेएनएन। मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है, लेकिन गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही। शनिवार को आसमान में बदरा छाने व ठंडी पुरबा से मौसम खुशगवार हो गया। बारिश होने की संभावना लगी, लेकिन बदरा ओझल हो गए और तेज धूप निकल आई। दोपहर में चिलचिलाती धूप और उमस से जनजीवन बेहाल दिखा। हालांकि, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट भी दर्ज हुई, लेकिन गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ।
बारिश का इंतजार
मानसून की पहली बारिश हो चुकी है, लेकिन लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है, जो अभी तक नहीं हुई है। दरअसल, गर्मी ने लोगों की हालत खस्ता कर रखी है। सुबह से ही सूरज अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर देता है। हवा की रफ्तार भी काफी कम है, इससे वातावरण में उमस बढ़ी हुई है। लोगों को जरूरी काम से बाहर निकलना पड़ता है तो गर्मी हालत खराब कर देती है। शनिवार की सुबह आसमान पर बादलों ने डेरा डाल लिया, ऐसा लगा अब बारिश होगी, लेकिन धीरे-धीरे आसमान साफ होता चला गया। बदरा फिर न क्यों रूठकर चले गए। शाम तक धूप और उस मने लोगों को हलकान किया। उधर, देहात में धान की रोपाई की तैयारी में जुटे किसानों को भी बारिश का इंतजार है। अन्य फसलों को भी अधिक सिंचाई की जरूरत पड़ रही है।