Inflation hit : मंडी गोदाम से गायब प्याज के दाम सौ के पारHathras news
प्याज की कीमतें सौ का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। बुधवार को फुटकर में प्याज 110 रुपये किलो तक बिका। प्याज की आवक कम होने से कीमतें आसमान पर पहुंच गई हैं।
हाथरस [जेएनएन]। प्याज की कीमतें सौ का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। बुधवार को फुटकर में प्याज 110 रुपये किलो तक बिका। प्याज की आवक कम होने से कीमतें आसमान पर पहुंच गई हैं। एक सप्ताह के अंदर ही कीमतों में बेतहासा वृद्धि हुई है। एक सप्ताह पहले प्याज की कीमत 50 से 60 रुपये प्रति किलो के बीच थी। अब 110 रुपये प्रति किलो है। पहले मंडी में प्याज के एक-दो ट्रक खड़े दिख जाते थे, मगर अब मंडी के कई व्यापारियों के यहां से प्याज गायब है। महंगा प्याज मंगाना ही व्यापारियों ने बंद कर दिया है। अब जो प्याज बाजार में आ रहा है, वह अलवर, कोटा, इंदौर से काफी कम मात्रा आ रहा है। वहां से भी पर्याप्त मात्रा में प्याज न मिलने से व्यापारी परेशान हैं।
खानपान की दुकानों पर से गायब
अब होटल-ढाबे वाले भी महंगा प्याज का प्रयोग कम कर दिया है। सलाद में मूली का प्रयोग शुरू कर दिया है। सब्जी विक्रेताओं के यहां भी प्याज कम ही देखने को मिल रहा है।
खराब क्वालिटी, टिक नहीं पा रहा
महंगाई का लाभ उठाने के लिए किसान अधपका प्याज मंडी में ला रहे हैैं। छिलका कच्चा होने के कारण यह प्याज जल्द ही सडऩे लगता है। इसका स्वाद भी हल्का होता है। इसका स्टॉक करना व्यापारी के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
गरीबों से दूर हुआ प्याज
प्याज सब्जियों का स्वाद बढ़ा देता है। इसके औषधीय गुणों के कारण भी इसका प्रयोग सब्जियों के अलावा सलाद के रूप में भी खूब किया जाता है। किलो-दो किलो खरीदने वाले गरीब परिवार अब प्याज से दूरी बनाने लगे हैं।
कम प्याज से चला रहे काम
गृहणी साधना का कहना है कि प्याज महंगा होने से इसका असर सीधे रसोई पर पड़ रहा है। पहले हमारे घर में दो-तीन किलो प्याज आता था। अब ढाई सौ ग्राम प्याज से ही काम चलाना पड़ रहा है।
बिना प्याज के बन रही सब्जी
ग्राहक योगेश कुमार का कहना है कि सपने में भी नहीं सोचा था कि प्याज इतना महंगा हो जाएगा। प्याज को लेकर घर में सब्जियां भी बेस्वाद होने लगी हैं। मजदूरी करने वाले इतना महंगा प्याज कैसे खा सकते हैं। कई दिनों से बिना प्याज की सब्जी बन रही है।
कम हो रही आवक
आढ़ती मुहम्मद इकबाल का कहना है कि प्याज की कीमतों में वृद्धि उसकी आवक कम होने से हुई है। महाराष्ट्र, पंजाब, मध्यप्रदेश में बारिश के चलते प्याज की अधिकतर फसल बर्बाद हो गई है। नासिक से प्याज आने के बाद ही प्याज सस्ता होगा।
नमी के चलते प्याज में आ रही बदबू
आढ़ती मनोज उपाध्याय का कहना है कि अब जो प्याज आ रहा है वह जल्दी सडऩे लगता है। इसलिए अधिक दिनों तक रख भी नही सकते। थोड़ी नमी मिलते ही इसमें बदबू आने लगती है। महंगाई के लालच में किसान अधपका प्याज ही मंडी ला रहे हैं। इस समय वे प्याज का अच्छा दाम वसूलना चाहते हैं।