दो साल के प्रेम में समीना को मिली मौत की 'सौगात', आरोपित पहुंचा सलाखों के पीछे
क्वार्सी थाना क्षेत्र के रजा नगर में करीब नौ माह पहले हुई समीना की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या उसी के प्रेमी ने की थी। समीना प्रेमी पर शादी करने का दबाव बना रही थी।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। क्वार्सी थाना क्षेत्र के रजा नगर में करीब नौ माह पहले हुई समीना की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या उसी के प्रेमी ने की थी। समीना प्रेमी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। विरोध करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दे रही थी। इसी को लेकर विवाद हुआ और प्रेमी ने सिर में ईंट मारकर समीना की हत्या कर दी थी। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
20 साल से पति से चल रहा था अनबन
क्वार्सी थाना क्षेत्र के रजा नगर निवासी 46 वर्षीय समीना पत्नी अमर उद्दीन सासनीगेट स्थित एक अस्पताल में नर्स थीं। 20 साल से पति से अनबन चल रही थी। तब से पति मथुरा में रहता है, जबकि समीना यहां रजा नगर में रहती थीं। 21 अप्रैल 2021 को समीना अपने ही घर में मृत मिली थी। शव बेड पर पड़ा था। पुलिस ने समीना के बेटे सलमान की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की विवेचना व समीना की काल डिटेल के आधार पर पुलिस का शक आंबेडकर कालोनी निवासी जितेंद्र पर गहरा गया था। लेकिन, आरोपित वांछित था। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूली है।
दो साल पहले आरोपित से समीना की बढ़ी नजदीकियां
आरोपित ने बताया कि दो साल पहले वह समीना के घर पर निर्माण कार्य करने गया था। तभी से दोनों में नजदीकियां हो गईं। आरोपित का कहना है कि समीना शादी करने का दबाव बना रही थी। विरोध करने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देती थी। लेकिन, पहले से शादीशुदा होने के चलते जितेंद्र मना कर रहा था। इसे लेकर विवाद हुआ था। बात इतनी बढ़ी कि जितेंद्र ने समीना की हत्या कर दी।