हाथरस में सपा नेता की बैटरी फैक्ट्री में लगी भीषण आग, अफरा तफरी, लाखों का नुकसान
उत्तर प्रदेश जनपद हाथरस के सादाबाद में शुक्रवार की सुबह सपा नेता की बैटरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इससे आसपास के लोगों में खलबली मच गई। घटना की जानकारी फायर बिग्रेड को दे दी गई हैं लेकिन अभी तक दमकलें मौके पर नहीं पहुंची हैं।
हाथरस, जेएनएन। उत्तर प्रदेश जनपद हाथरस के सादाबाद में शुक्रवार की सुबह सपा नेता की बैटरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इससे आसपास के लोगों में खलबली मच गई। अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। एक साथ भयानक रूप से लगी आग से बस्ती के लोग फैक्ट्री की तरफ भागे। लेकिन आग इतनी विकराल रूप से लगी हुई थी कि काबू नहीं पाया जा सका। मौके पर पहुंची। दमकल की 3 गाड़ियों के द्वारा दमकल कर्मियों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से डेढ़ घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष चौ.भाजुद्दीन एवं जिला महासचिव जैनुद्दीन चौधरी की ईदगाह कॉलोनी में बैटरी की फैक्ट्री है। यहां बड़े पैमाने पर बैटरी बनाने का काम किया जाता है। नीचे की मंजिल पर बैटरी की प्लेट आदि बनाने की मशीन लगी हुई हैं। जबकि ऊपरी मंजिल पर पैकिंग का पूरा सामान रखा हुआ है, जिसमें थर्माकोल कार्टून व अन्य सामग्री रखी हुई थी। शुक्रवार की सुबह अचानक ही ऊपरी मंजिल से काला धुआं निकलना प्रारंभ हुआ। पड़ोस के लोगों ने देखा तो तत्काल सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को जानकारी दी गई। तब तक पास पड़ोस के लोग समरसेबल का पाइप लेकर आग बुझाने को तैयार हो गए। जैसे ही फैक्ट्री मालिक सपा नेता फैक्ट्री पर पहुंचे, ताला खोलकर नीचे देखा तो नीचे कुछ नहीं था। ऊपरी मंजिल पर आग लगी हुई थी। जानकारी प्रशासनिक स्तर पर दी गई। मौके पर एसडीएम राजेश कुमार पहुंच गए।
एसडीएम ने स्थिति को देखते ही तत्काल दमकल कर्मियों को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग ऊपरी मंजिल पर लगी हुई थी। इसलिए दमकल कर्मियों को भी आग बुझाने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। नीचे से आग किसी भी प्रकार से नहीं बुझ पा रही थी। आखिरकार दमकल कर्मियों को ऊपरी मंजिल पर जाना पड़ा। इधर बैटरी फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी लोगों को होने पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गये। बहरहाल डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन ऊपरी मंजिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।आग के कारण सपा नेता का करीब 25 लाख के नुकसान की आशंका है।