अलीगढ़ में घर से बुलाकर युवक की गला दबाकर हत्या
क्वार्सी क्षेत्र के नगला मल्लाह का मामला धौर्रामाफी के जंगल में मिला शव युवक की पत्नी ने तीन लोगों के खिलाफ लिखाया मुकदमा।
जासं, अलीगढ़ : क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला मल्लाह निवासी एक वाल्मीकि युवक की घर बुलाकर गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव को धौर्रा माफी इलाके के जंगलों में फेंक दिया। स्वजन को बुधवार सुबह इसकी जानकारी हुई। इससे गुस्साएं लोगों ने क्वार्सी थाने पर विरोध जताया। युवक की पत्नी ने जीवनगढ़ के तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। 20 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
क्वार्सी क्षेत्र के नगला मल्लाह निवासी 26 वर्षीय विनोद कुमार वाल्मीकि जानवरों (सूकर) का कारोबार करता था। शनिवार शाम को बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन रात तक नहीं लौटा। रविवार सुबह लोगों ने धौर्रामाफी इलाके में आर गार्डन के पीछे जंगल में शव पड़ा देखा। कुछ दूरी पर बाइक खड़ी थी। स्वजन ने शव की शिनाख्त विनोद के रूप में की। पुलिस ने उस समय शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया लेकिन लोगों का गुस्सा बढ़ता गया। दोपहर में बढ़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग क्वार्सी थाने पहुंचे गए। इनमें महिलाएं भी थीं। भीड़ को देखते हुए सीओ बन्नादेवी मोहसिन खान, सीओ अतरौली शिव प्रताप सिंह पीएसी के साथ थाने पहुंच गए। कुछ देर बाद कांग्रेस नेता श्यौराज जीवन व समाज के अन्य नेता भी थाने आ गए। काफी देर तक पुलिस के साथ वार्ता हुई। स्वजन ने आरोप लगाया कि विनोद को जीवनगढ़ के लोग बुलाकर ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने लिखित में तहरीर मांगी। विनोद की पत्नी की ओर से जीवनगढ़ के आसिफ अली उर्फ जव्वार, नौशाद और इकबाल उर्फ सोनू के खिलाफ तहरीर दी गई है। आरोप लगाया है कि मेरे घर पर आसिफ अपने साथियों के साथ आया था। मेरे पति को ये लोग अपने साथ ले गए। मैंने इसका विरोध भी किया था। रात को पति घर नहीं लौटे। रविवार सुबह उनका शव मिलने की सूचना मिली। पति के पास जानवर बेचने के 20 हजार रुपये थे, वो भी नहीं मिले। आरोप लगाया कि इन लोगों ने ही उसके पति की हत्या की है। एक दिन पहले भी पति को इन लोगों ने धमकी दी थी। कांग्रेस नेता व अन्य ने लोगों को समझाया। इसके बाद सभी लोग थाने से गए। रात आठ बजे के बाद पुलिस की मौजूदगी में युवक के शव का दाह संस्कार किया गया।
.............
स्वजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
कलानिधि नैथानी, एसएसपी