इगलास में तेज बारिश से गिरा छज्जा, मजदूर की मौत Aligarh news
तेज बारिश के चलते छज्जा गिरा है। छज्जे के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने स्वजनों के सहयोग से मलबे के नीचे दबे पप्पू को निकाला।
अलीगढ़, [जेएनएन]। इगलास क्षेत्र के गांव कजरोठ में रात्रि को बारिश से एक मकान का छज्जा गिर गया। इस दौरान ग्रह स्वामी मलबे में दब गए। परिवारजन और ग्रामीणों ने मिलकर मलबे से निकाला और अस्पताल में भर्ती करा दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हाथरस रोड स्थित गांव कजरोठ निवासी पप्पू (50) पुत्र कालीचरण रात 9 बजे घर के बाहर लघुशंका करने के लिए आए थे। इस दौरान उनकी छत का छज्जा गिर गया। ग्रामीणों ने बताया कि शाम को तेज बारिश के चलते छज्जा गिरा है। छज्जे के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने स्वजनों के सहयोग से मलबे के नीचे दबे पप्पू को निकाला। पप्पू मलबे में दबकर गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत ही उपचार के लिए अलीगढ़ के निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उन्होंने अपने पीछे पत्नी उर्मिला व दो बेटा व दो बेटी को छोड़ा है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।