अलीगढ़ में भाड़े पर कार लेकर आए थे, चालक की हत्या कर लूट ले गए कार, शव जलाया
गौतमबुद्वनगर के बादलपुर थाना क्षेत्र से दो दिन पूर्व भाड़े पर कार लेकर आए चार बदमाशों ने थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र में कार चालक की हत्या कर दी। बदमाशों ने साक्ष्य छिपाने की खातिर शव को जला देने का भी प्रयास किया।
अलीगढ़, जेएनएन। गौतमबुद्वनगर के बादलपुर थाना क्षेत्र से दो दिन पूर्व भाड़े पर कार लेकर आए चार बदमाशों ने थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र में कार चालक की हत्या कर दी। बदमाशों ने साक्ष्य छिपाने की खातिर शव को जला देने का भी प्रयास किया। इस बीच कुछ ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। पुलिस ने मौके से मिले अधजले शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ऐसे की कार चालक की हत्या
बादलपुर के साधुपुर गांव के 37 वर्षीय अशोक कुमार गुप्ता पुत्र हजारी लाल कार चालक थे और भाडे पर कार चलाते थे। शनिवार को अशोक से चार लोग मिले और उन्होंने शिफ्ट डिजायर कार को अतरौली तक चलने को भाड़े पर तय कर लिया और चल पडे़। अशोक ने रास्ते से पत्नी अनीता गुप्ता को भाडे़ पर कार लेकर अतरौली जाने की बात बतायी और कहा कि वह रात में ही वापस आ जाएगा। सुबह तक भी जब अशोक वापस न आया तो मोबाइल फोन मिलाया तो वह भी बंद मिला। चिंतित स्वजन उसकी तलाश में जुट गए। इलाका पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई। रविवार शाम पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव रायपुर खास स्थित मलिखान सिंह के ईंट भट्ठे के पास कुछ राहगीरों ने एक युवक का शव जलते हुए देखा। इस पर उन्होनंे शाेर मचाते हुए आग को बुझा लिया और इलाका पुलिस को खबर दे दी। पुलिस ने अधजले शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। तलाशी में युवक की जेब से आधार कार्ड मिला। नाम, पते के आधार पर स्वजन को सूचना दी गई।
पत्नी गई थी मायके दिल्ली
अशोक कुमार गुप्ता की पत्नी अनीता गुप्ता दोनों बच्चों को लेकर रक्षाबंधन पर अपने मायके मदनपुर खास दिल्ली चली गई थी। पति की हत्या की खबर मिली तो वह अपने स्वजन के साथ अलीगढ़ आ गई। अशोक सात भाई- बहनों में सबसे बड़ा था। सीओ छर्रा देवी गुलाम ने बताया कि चालक की हत्या कर बदमाश कार लूटकर ले गए हैं। साक्ष्य छिपाने की खातिर बदमाशों ने उसे जलाने का प्रयास किया था। चालक का मोबाइल फोन भी गायब है। सीडीआर के जरिए बदमाशों का सुराग लगाया जा रहा है, जल्द घटना का राजफाश होगा। पत्नी अनीता गुप्ता की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।