धरती के श्रंगार में सरकारी विभागों की भी होगी सहभागिताAligarh News
दैनिक जागरण ने आओ रोपें अच्छे पौधे अभियान की शुरुआत कर दी है। 26 जून से इसके तहत पौधारोपण शुरू होगा। लोग इस अभियान को हाथों-हाथ ले रहे हैं। सामाजिक संगठनों के साथ ही सरकारी विभाग भी इस अभियान में आगे बढ़कर आ रहे हैं।
अलीगढ़, जेएनएन। दैनिक जागरण की मुहिम आओ रोपें, अच्छे पौधे अभियान में सरकारी विभागों की भी पूरी सहभागिता रहेगी। सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने इसके लिए जिले के सभी सरकारी विभागों के मुखिया को पत्र जारी कर दिया है। इसमें सभी अफसरों को अपने कर्मचारियों के साथ पौधारोपण करने के निर्देश दिए हैं। एक-एक विभाग को कम से कम सौ-सौ पौधा लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में जिले भर में विकास भवन से जुड़े दो दर्जन से अधिक विभाग हैं। यह सभी इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। एक से सात जुलाई तक सरकारी विभागों में यह अभियान चलेगा। तीन जुलाई को मुख्य कार्यक्रम होगा। वहीं, उद्योग विभाग भी इस अभियान के तहत पांच हजार पौधे लगाएगा। उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने भी इसके लिए पत्र जारी कर दिया है।
26 जून से होगा पौधारोपण
दैनिक जागरण ने आओ रोपें, अच्छे पौधे अभियान की शुरुआत कर दी है। 26 जून से इसके तहत पौधारोपण शुरू होगा। लोग इस अभियान को हाथों-हाथ ले रहे हैं। सामाजिक संगठनों के साथ ही सरकारी विभाग भी इस अभियान में आगे बढ़कर आ रहे हैं। विकास भवन से जुड़े सभी विभाग भी इसमें पूरी शिकरत करेंगे। सीडीओ की तरफ से इसके लिए बुधवार को एक आदेश जारी कर दिया है। इसमें सभी विभागों के अफसरों को इस अभियान के तहत कोरोना में जान गंवाने वाले लोगों की याद में पौधारोपण करने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग तीन जुलाई को कम से कम सौ पौधे लगाएं। एक जून से इसकी तैयारी शुरू कर दी जाए। इससे जुड़े फोटो व वीडियो भी वाट्सएप के माध्यम से भेजे जाएं।
उद्योग विभाग रौपेगा पांच हजार पौधे
दैनिक जागरण के इस अभियान के तहत उद्योग विभाग पांच हजार पौधों का रोपण करेगा। उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। इसमें विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों को शामिल होने के निर्देश दिए हैं। फैक्ट्री संचालकों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। कार्यालय के साथ ही फैक्ट्रियों के आसपास खाली पड़ी जमीन में पौधारोपण होगा।
दैनिक जागरण का यह सराहनीय अभियान है। पेड़-पौधों के बिना मानव जीवन संभव नहीं हैं। ऐसे में मेरी जिले के सभी लोगों से अपील है कि कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। सभी सरकारी विभाग भी इस अभियान में शामिल होकर पौधारोपण करें।
अंकित खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी, अलीगढ़
पौधारोपण मानव जीवन के लिए बहुत जरूरी है। अब बरसात का मौसम आने वाला है। ऐसे में सभी लोग अपने गांव व मोहल्लों में पौधे लगाएं। मेरी जिले के सभी प्रधानों से अपील है कि दैनिक जागरण के अभियान का हिस्सा बनकर पौधारोपण करें। हमारे आसपास जितने अधिक पौधे होंगे, उतनी ही शुद्ध आक्सीजन मिलेगी।
मनोज कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष, अखिल भारतीय पंचायत परिषद
पौधारोपण सबसे बड़ा पुण्य का काम है। ऐसे में सभी लोग पौधरोपण के महत्ती कार्य में सहयोग करें। जिले के हर व्यक्ति का कर्त्तव्य है कि वह कम से कम इस वर्षाकाल में एक पौधे का रोपण करने के साथ ही उसका संरक्षण भी करे। तभी पर्यावरण की रक्षा हो सकेगी।
गौरव शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता