अलीगढ़ में चार माह में आठ हजार रुपये गिरे सोने के दाम
हाजिर बाजार में 51 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम बिकी पीली धातु।
जासं, अलीगढ़ : सहालग के सीजन में भी सोने के दामों में गिरावट ने ज्वेलर्स को चौंका दिया है। चार माह में आठ हजार रुपये प्रति 10 ग्राम गिर चुके हैं। शुक्रवार को 24 कैरेट सोने के हाजिर बाजार में दाम 51 हजार प्रति ग्राम रहे। गिरावट का कारण लॉकडाउन के दौरान खरीदे गए सोने की बिकवाली व कोरोना वैक्सीन के बनने की आहट बताई गई है। अमेरिका में बिडेन का राष्ट्रपति पद पर निर्वाचन भी है।
मार्च में सोने का हाजिर बाजार में भाव 42800 रुपये था। 22 मार्च को लॉकडाउन लग गया। शेयर बाजार धराशायी हो गया। अप्रैल में लॉकडाउन सख्त रहा, मगर शेयर नीचे गिरे। पुराने निवेशकों ने बाजार से दूरी बना ली। जानकारों के अनुसार, जो पैसा उनके पास था उसका निवेश सोने-चांदी की खरीदारी में किया। मई तक सोने के भाव में छह हजार रुपये तक की तेजी आई। यह 48150 रुपये प्रति 10 ग्राम तक हाजिर बाजार में बिका। चांदी भी मार्च में 45 हजार रुपये प्रतिकिलो से बढ़कर 48000 रुपये पर पहुंच गई।
जून में सोना 55500 रुपया प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। चांदी 69000 रुपये प्रतिकिलो तक बिकी। अगस्त में सोना सबसे उच्चतर कीमत 57900 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। चांदी 73 हजार रुपये प्रति किलो तक बिकी।
अगस्त के आखिरी में पीली व सिल्वर धातु के दाम गिरते चले गए। सोना 53100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अक्टूबर में यह 52 हजार रुपया बिका। चांदी 61 हजार रुपया प्रति किलो बिकी। नवंबर की शुरुआत में सोने के भाव फिर चढ़े। दीपावली से पहले 54200 रुपये प्रति 10 ग्राम बिका। चांदी के भाव भी चढ़ गए। यह 67 हजार रुपया प्रति किलो बिकी। दीपावली के बाद सोना व चांदी के भाव फिर गिरे। चांदी छह हजार रुपये टूटकर 61000 पर आ गई। सोना 51 हजार रुपया बिका।
...............
अगस्त से आज तक चार माह में सोना आठ हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिरा है। सहालग में पीली धातु के दामों में गिरावट कमाल है। सोना-चांदी के भाव स्थिर न होने से ग्राहक का बाजार में ठहराव नहीं है। अगर यही हाल रहा तो सोना मार्च के भाव तक भी पहुंच सकता है।
विजय अग्रवाल, अध्यक्ष, अलीगढ़ सराफा कमेटी लॉकडाउन के दौरान शेयर बाजार धराशायी था। निवेशकों ने हाजिर बाजार में सोने-चांदी की खरीदारी की। अब कोरोना की वैक्सीन आने की चर्चा से निवेशकों का रुझान शेयर बाजार की ओर हो गया है। निवेशकों ने सोने में मुनाफावसूली शुरू कर दी है। अमेरिका में बिडेन का राष्ट्रपति पद पर चुना जाना भी सोने के भाव में गिरावट का कारण है।
संजय माहेश्वरी, शेयर बाजार विश्लेषक