अलीगढ़ में ओवरब्रिज का शिलान्यास, 40 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
कोल विधायक अनिल पाराशर और एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने किया पूजन।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अनूपशहर मार्ग स्थित रेलवे क्रासिग पर 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज का रविवार को शिलान्यास किया गया। कोल विधायक अनिल पाराशर व एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने भूमि पूजन किया। उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता और इलाके के तमाम लोग भी मौजूद थे। इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए विधायक ने शासन स्तर पर प्रयास किए, तब स्वीकृति मिल पाई है। पुल का निर्माण होने से लोगों को बहुत राहत मिलेगी। पुल का शिलान्यास होने से लोगों में खुशी का माहौल है।
विधायक ने कहा कि यह ओवरब्रिज क्षेत्र के विकास में बड़ी भूमिका अदा करेगा। एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा समग्र विकास की पक्षधर है। सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 40 करोड़ रुपये की लागत से यह ओवरब्रिज बनेगा। जिसमें 15 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। सिविल लाइन मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश वर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युवा मोर्चा निखिल माहेश्वरी, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा धर्मवीर लोधी, संजय पंडित, गुनीत मित्तल, कार्तिक पाराशर, संजीव पाराशर, धर्मेद्र सिंह, यतेंद्र सिंह, मनीष सिंह आदि थे।
भमोला के लोगों ने जताई नाराजगी : अनूपशहर रोड पर ओवरब्रिज का शिलान्यास होने पर भमोला पथवारी राधाकृष्ण जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि कोल विधायक अनिल पाराशर को भमौला पर भी ध्यान देना चाहिए, मगर यहां विकास नहीं कराया जा रहा है।
.......
भमोला में भी मैंने काफी विकास कार्य कराया है। सड़कें बनवाई हैं, श्मशान गृह पर भी काम हुआ है। अभी और कुछ काम होने हैं, जिसका स्टीमेट बन गया है, जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। भमोला के लोगों के साथ मैं हर समय खड़ा हूं, कोई बात हो तो मुझसे आकर मिल सकते हैं।
अनिल पाराशर, कोल विधायक