छाए रहे पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह...हर तरफ बाबूजी की जय-जयकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा प्रभु श्रीराम के परम भक्त कल्याण मय हो गई। ये संयोग ही था कि जनसभा रामघाट-कल्याण मार्ग स्थित विशाल मैदान में जनसभा थी। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भले ही मंच के दोनों ओर होर्डिंग्स पर रहे हों।
अलीगढ़, राजनारायन सिंह। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा प्रभु श्रीराम के परम भक्त कल्याण मय हो गई। ये संयोग ही था कि जनसभा रामघाट-कल्याण मार्ग स्थित विशाल मैदान में जनसभा थी। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भले ही मंच के दोनों ओर होर्डिंग्स पर रहे हों, मगर वो तो नेताओं के दिलों में समाए थे। इसलिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाबूजी के कार्यकाल को सुशासन के रुप में याद दिलाया। कहा कि श्रीराम मंदिर के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ दी। इसी के चलते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। मंच पर अधिकांश नेताओं ने बाबूजी का जिक्र किया और उनसे अलीगढ़ की पहचान बताने की कोशिश की।
कल्याण सिंह का नाम लिया
जनसभा स्थल पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दोनों ओर बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए गए थे। एक में केंद्रीय गृह मंत्री बाबूजी काे नमन करते हुए दिखाई दे रहे थे, दूसरी होर्डिंग्स में दोनों नेता बातचीत कर करते दिखे। हर किसी की निगाह इन होर्डिंग्स पर जा रही थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंच पर अलीगढ़ की माटी से जुड़े तमाम विभूतियों का नाम लिया। फिर कल्याण सिंह का जिक्र किए बिना वो नहीं रह सके। कहा, श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए कल्याण सिंह ने कुर्सी छोड़ दी थी। राम मंदिर निर्माण के लिए लालकृष्ण आडवाणी रथ लेकर चले थे। राम भक्तों पर अयोध्या में समाजवादी पार्टी की सरकार ने गोली चलवा दी। केंद्रीय कानून मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी बाबूजी का जिक्र किया। कहा, राम मंदिर निर्माण में कल्याण सिंह की बड़ी भूमिका रही। उन्होंने इन पंक्तियों के साथ जोश भी भरा-ये खामोश मिजाजी हमें जीने नहीं देगी, दुनिया में जीना है तो कोहराम मचा दो। इस बार खूब तालियां बजी। एसपी सिंह बघेल ने इन पंक्तियों के माध्यम से कल्याण सिंह के व्यक्तित्व को दिखाने की कोशिश की। श्रीराम मंदिर आंदाेलन के उस भाव को जीवंत भी किया। इसपर खूब तालियां भी बजी। जनप्रतिनिधियों ने भी यह कहकर संबोधित किया कि ये बाबूजी की धरती है। जनसभा में पीछे बाबूजी अमर रहे के नारे भी लगते रहे। बाबूजी शान थे, हम सबके गुमान थे ये नारे भी खूब गूंजे।
जिगर के टुकड़े कह भर दिया जोश
केंद्रीय गृह मंत्री जनसभा में युवाओं की टीम को देखकर उत्साहित हो गए। उन्होंने मंच से ही कहा कि जिगर के टुकड़ों जैसे मेरे युवा मित्रों इसके बाद तो युवाओं का जोश देखते ही बनता था। अमित शाह जिंदाबाद के नारे लगने लगे। भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा लहराकर केंद्रीय गृह मंत्री का अभिवादन स्वीकार किया। जनसभा में युवाओं का जोश इस कदर था कि वो पोल पर चढ़े हुए थे। केंद्रीय गृह मंत्री की एक झलक पाने के लिए बेताब थे। तमाम नेता युवाओं को पोल से उतरने का आग्रह करते रहे, मगर युवा जोश थमने का नाम नहीं ले रहा था।