Panchayat Chunav 2021 : आरक्षण की अंतिम सूची जारी, मायूस हुए दावेदार Aligarh news
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को आरक्षण की अंतिम सूची जारी कर दिया है। विभाग की तरफ से प्रस्तावित आरक्षण के मुताबिक अंतिम आरक्षण में ज्यादा संशोधन नहीं किया है। ऐसे में तमाम दावेदारों के अरमानों पर पानी फिर गया।
अलीगढ़, जेएनएन : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को आरक्षण की अंतिम सूची जारी कर दिया है। विभाग की तरफ से प्रस्तावित आरक्षण के मुताबिक अंतिम आरक्षण में ज्यादा संशोधन नहीं किया है। ऐसे में तमाम दावेदारों के अरमानों पर पानी फिर गया। पिछले दिनों प्रस्तावित आरक्षण जारी होने के बाद यह दावेदार आपत्ति के आधार पर संशोधन के सपने संजाेए बैठे थे, लेकिन अंतिम आरक्षण में लोधा ब्लाक की भरतरी ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत सदस्य के आरक्षण में बदलाव हो रहा है।
शनिवार को जारी हुआ था प्रस्तावित आरक्षण
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज विभाग ने शनिवार को प्रस्तावित आरक्षण जारी किया था। हाईकोर्ट के आदेश पर इस बार वर्ष 2015 को आधार बनाकर आरक्षण जारी किया गया। माना जा रहा था कोर्ट के आदेश पर आरक्षण जारी किया गया है। ऐसे में इस बार आपत्तियां कम आएंगी, लेकिन इस बार भी जिले में आपत्तियों की भरमार हो गई। जिले भर में प्रस्तावित आरक्षण पर कुल 1180 आपत्तियां आईं। इसमें सबसे अधिक 1080 आपत्तियां प्रधानी के लिए थी। बाकी की सौ आपत्तियां जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए थी। बुधवार से इन आपत्तियां का निस्तारण शुरू हुआ। गुरुवार को डीएम की अध्यद्वक्षता में सभी का निस्तारण कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक इन आपत्तियां में 1179 को खारिज कर दिया गया है। महज एक आपत्ति को स्वीकार किया गया। इस आपत्ति के आधार पर लोधा ब्लाक की ग्राम पंचायत भरतरी में ग्राम पंचायत सदस्य के एक वार्ड के आरक्षण में बदलाव किया जा रहा है। प्रस्तावित आरक्षण में यह महिला के लिए आरक्षित किया गया था, जबकि पिछले चुनावों में भी यह इसी पद के लिए आरक्षित था। बाकी सभी आपत्तियां खारिज कर दी गई हैं। ऐसे में अब आपत्ति लगाने वाले दावेदारों के अरमानों पर पानी फिर गया है। आपत्ति खारिज होने के बाद यह सभी मायूस होगए हैं।
जिले की स्थिति
867 ग्राम पंचायत
10973 ग्राम पंचायत वार्डों की संख्या
47 जिला पंचायत वार्डों की संख्या
1126 क्षेत्र पंचायत वार्डों की संख्या
1375 मतदान केन्द्र
2883 मतदान स्थल
1801575 मतदाता