अलीगढ़ के शादीपुर में किसान नेताओं ने भरी हुंकार, शहीदों को किया याद Aligarh news
भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) व संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा गांव शादीपुर में शहीद दिवस मनाया गया। स्वराज गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय भी गांव पहुंचे। यहां आयोजित महापंचायत का संचालन ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष डा. अवधेश यादव ने किया।
अलीगढ़, जेएनएन : कृषि कानून का विरोध कर रहे किसान संगठनों ने गांव शादीपुर मेें आंदोलन को धार देने की हुंकार भरी। किसान नेताओं ने यहां शहीदों काे याद कर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया।
शादीपुर में मनाया शहीद दिवस
भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) व संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा गांव शादीपुर में शहीद दिवस मनाया गया। स्वराज गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय भी गांव पहुंचे। यहां आयोजित महापंचायत का संचालन ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष डा. अवधेश यादव ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि शहीद दिवस पर गांव में महापंचायत का मुख्य उद्देश्य शहीद सरदार भगत सिंह को याद कर उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेना था। भगत सिंह ने इसी गांव में 18 माह बिताकर अंग्रेज सरकार के खिलाफ बिगुल बजाया था। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। आंदोलन में किसान शहीद हुए, लेकिन सरकार ने संवेदना तक व्यक्त नहीं की। जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने शहीद किसानों के स्वजन को दो-दो करोड़ रुपये व सरकारी नौकरी देने की मांग की।
किसान आंदोलन जारी रखने का संकल्प
उन्होंने बताया कि महापंचायत में किसानों ने कृषि कानूनों के समाप्त होने और एमएसपी पर कानून बनने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया गया। आदर्श मिश्रा ने कहा कि हमें शहीद भगत सिंह जैसा बनना होगा, जो आदाजी के लिए हंसते हुए फांसी पर लटक गए मगर झुके नहीं। प्रदेश प्रभारी आशीष पांडेय ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन स्वराज राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ खड़े होकर शहीद किसानों के स्वजन को आर्थिक मदद व सरकारी नौकरी दिलाने के लिए हर संघर्ष के लिए हम तैयार हैं। इस दौरान किसान नेताओं ने रामघाट रोड का सुधार, सांकरा गांव में बैंक शाखा खोलने, ततारपुर में गोशाला निर्माण की मांग की। महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक शशिकांत, भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष विमल तोमर, बेरोजगार मजदूर किसान यूनियन के अशोक प्रकाश, गोकुल करन, लोकेश कश्यप, शिव कुमार, अखिल भारतीय किसान सभा के इदरीश मोहम्मद, भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के संगठनमंत्री सुरेश गांधी के अलावा श्यामवीर सिंह चौहान, श्रीपाल वैध, प्रमोद चौहान, शरद चौहान, धीरेंद्र भारद्वाज, डा. किशोर सिंह, विकास यदुवंशी आदि शामिल हुए।