सख्ती के बाद भी जल रही पराली
कृषि विभाग की सूचना पर अलहदादपुर पहुंची प्रशासनिक टीम।
जासं, अलीगढ़ : प्रतिबंध के बाद भी खेतों में पराली जल रही है। हरदुआगंज के गांव अलहदादपुर में ताजा मामला सामने आया है। एक किसान ने अपने खेत में पराली में आग लगा दी। इसी समय किसी ने जलती पराली का फोटो खींचकर कृषि अधिकारियों को भेज दिया। मौके पर पहुंची टीम जांच में जुट गई।
जनपद में इस साल अब तक पराली जलाने के 39 मामले सामने आ चुके हैं। 46 किसानों पर 24 मुकदमे दर्ज हुए, आठ गिरफ्तार किए। इनमें सर्वाधिक मामले तहसील खैर व गभाना के हैं। पराली जलाने में आरोपित किए गए किसानों पर 97 हजार पांच सौ रुपये जुर्माना लगाया गया। 32 हजार पांच सौ रुपये की वसूली भी हो चुकी है। इनमें कई किसान ऐसे हैं, जो बीते साल भी पराली जलाते पकड़े गए थे। तब 88 मामले सामने आए थे। छह पर मुकदमा भी दर्ज हुआ। लगातार कार्रवाई होने के बाद भी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सका है। अलहदादपुर में पराली जलाने की जानकारी मिलते ही बुधवार को लेखपाल के साथ राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को मौके पर खेत मालिक नहीं मिला। डीडी कृषि अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण से एसडीएम को अवगत करा दिया है। उन्हीं के स्तर से मुकदमा व अन्य कार्रवाई की जाएगी।