35 पंचायतों में पहली बार नहीं सुनाई देगा चुनावी शोर, जानिये पूरा माजरा Aligarh news
पंचायत चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी इन दिनों गांव देहात में पूरे चरम पर है। आरक्षण होने के बाद दावेदारों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है पहली बार जिले की 35 पंचायतों में चुनावी शोर सुनाई नहीं देगा। यह पंचायत नगरीय निकायों में शामिल हो चुकी हैं।
अलीगढ़, जेएनएन : पंचायत चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी इन दिनों गांव देहात में पूरे चरम पर है। आरक्षण होने के बाद दावेदारों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन पहली बार जिले की 35 पंचायतों में चुनावी शोर सुनाई नहीं देगा। यह पंचायत नगरीय निकायों में शामिल हो चुकी हैं। इनमें सबसे अधिक 17 पंचायतें नगर निगम क्षेत्र से शामिल हुई हैं। इस बार जिले में कुल 867 ग्राम पंचायत, 47 जिला पंचायत सदस्य वार्ड व 1156 क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव होंगे।
प्रशासन तैयारी में जुटा
2015 के पंचायत चुनाव में जिले में कुल 902 ग्राम पंचायत, 52 जिला पंचायत सदस्य व 1290 क्षेत्र पंचायत सदस्य के वार्ड में चुनाव हुए थे, लेकिन पिछले पांच साल में जिले में चार नई नगर पंचायत बन गईं। वहीं, नगर निगम का दायरा भी बढ़ गई है। ऐसे में पिछले दिनों पंचायत राज विभाग की ओर से जारी परिसीमन में इन पंचायतों को बाहर कर दिया गया। ऐसे में अब जिले में महज 887 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इसके अलावा 47 जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। 1156 बीडीसी चुने जाएंगे। प्रशासन इसी के हिसाब से तैयारी कर रहा है। पहली बार जिले की 35 पंचायतों में चुनावी शोर सुनाई नहीं देगी।
आठ तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका
पंचायत राज विभाग की तरफ से दो मार्च को प्रस्तावित आरक्षण जारी कर दिया है। अब इस पर दावे एवं आपत्तियां मांगी जा रही हैं। आठ मार्च तक दावे आपत्ति दर्ज कराने का अंतिम मौका होगा। इसके बाद 14 मार्च को अंतिम आरक्षण जारी कर दिया जाएगा। डीपीआरओ पारुल सिसौदिया ने बताया कि अगर किसी को कोई भी आपत्ति है तो वह दर्ज करा सकता है। अंतिम प्रकाशन के बाद किसी की भी आपत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।