कुर्बानी का पर्व ईद आज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 20 सेक्टरों में बांटा शहरगी Aligarh news
ईद अल-अज़हा या बकरीद बुधवार को मनाया जाएगा। त्योहार के लिए लोग मंगलवार को खरीददारी में जुटे रहे लेकिन शाम को आई बारिश ने बाजार का रंग फीका कर दिया। त्योहार के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अलीगढ़, जेएनएन। ईद अल-अज़हा या बकरीद बुधवार को मनाया जाएगा। त्योहार के लिए लोग मंगलवार को खरीददारी में जुटे रहे लेकिन शाम को आई बारिश ने बाजार का रंग फीका कर दिया। त्योहार के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर को 20 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में एक मजिस्ट्रेट व एक पुलिस अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलवार शाम पांच बजे से ही मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लग गई है।छह मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में रखा गया है।
शाम तक होगी नमाज अदा
शहर मुफ्ती खालिद हमीद ने बताया कि बुधवार को सुबह छह बजे से साढ़े नौ बजे तक नमाज अदा कर सकते हैं। कोरोना के नियमों को ध्यान में रखते हुए मस्जिद में 50 लोग ही नमाज पढ़ें। सफाई का भी ध्यान रखना होगा, ताकि गंदगी सड़क पर न दिखे। ईदगाह पर इस बार नमाज नहीं होगी, प्रशासन ने ये पहले ही स्पष्ट कर दिया है।
शहर को 20 सेक्टर में बांटा गया
उधर, एडीएम सिटी राकेश मालपाणि व एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत की ओर जारी संयुक्त आदेश में शहर में 20 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं। इनमें ईदगाह का संपूर्ण क्षेत्र, ईदगाह के आसपास, देहलीगेट का संपूर्ण क्षेत्र, चौकी भुजपुरा व तुर्कमान गेट को छोड़कर कोतवाली का संपूर्ण क्षेत्र, सासनी गेट का संपूर्ण क्षेत्र, बन्ना देवी व गांधी पार्क का संपूर्ण क्षेत्र, सिविल लाइन व क्वार्सी का संपूर्ण क्षेत्र, देहलीगेट चौराहे से हीरानगर चौराहे का क्षेत्र, तुर्कमान गेट व भुजपुरा का संपूर्ण क्षेत्र, सब्जी मंडी, चंदन शहीद तिराहा, जामा मस्जिद के दक्षिण पश्चिमी कोना, मिनी बस अड्डा मस्जिद के पीछे की तरफ, चरख बालान चौराहा, पानी की टंकी के सामने, पुरानी ईदगाह के पास कर्वला रोड तिराहे पर, अखाड़ा तिराहा, जमालपुर चौकी, हबीब हाल के सामने जमालपुर, क्वार्सी बाइपास मस्जिद का क्षेत्र शामिल है। हर सेक्टर में एक मजिस्ट्रेट व एक पुलिस कर्मी की ड्यूटी लगाई गई है।