मां की गरीबी मिटाने को किशोर ऐसे बन गया चोर, हरियाणा के फ्रिज लदे कंटेनर के साथ दबोचा
पलवल (हरियाणा) से फ्रिज से लदा कंटेनर चोरी कर एटा जा रहे नाबालिग हेल्पर को पुलिस ने दबोच लिया।
हाथरस (जेएनएन) : पलवल (हरियाणा) से फ्रिज से लदा कंटेनर चोरी कर एटा जा रहे नाबालिग हेल्पर को सहपऊ कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। डीजल खत्म होने पर वह सहपऊ में स्टेपनी बेचने का प्रयास कर रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पलवल पुलिस सहपऊ पहुंची तथा किशोर से पूछताछ के बाद चोरी का माल ले गई।
फ्रिज लदे कंटेनर के साथ पकड़ा किशोर
पुलिस ने सहपऊ के महरारा चौराहे से इस 14 वर्षीय किशोर को पकड़ा। उसने खुद को नगला भूपाल, मलावन (एटा) का निवासी बताया। उसके पास से कंटेनर बरामद किया, जिसमें 118 फ्रिज लदे थे। फ्रिज की कीमत लगभग 13 लाख 36 हजार 986 रुपये है। इसके अलावा कंटेनर की कीमत 15 लाख 63 हजार रुपये है। लगभग 29 लाख के माल को वह एटा में ठिकाने लगाने जा रहा था, लेकिन रास्ते में डीजल खत्म हो गया।
होडल थाने में दर्ज था मुकदमा
छानबीन में पता चला कि पलवल के थाना होडल में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर मुकेश कुमार निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, बल्लभगढ़, फरीदाबाद ने 13 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कराया था। 11 अक्टूबर को सुबह आठ बजे यह कंटेनर नोएडा की सैमसंग कंपनी से पटना (बिहार) के लिए लोड हुआ था। शाम को कंटेनर पलवल के थाना होडल क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर पहुंचा। यहां कंटेनर खड़ा कर चालक हिसाब करने ट्रांसपोर्ट कंपनी चला गया। पीछे से हेल्पर/परिचालक कंटेनर लेकर भाग गया। हरियाणा पुलिस कंटेनर की तलाश में जुटी थी। कंटेनर में जीपीएस लगा था। शनिवार रात ट्रांसपोर्ट मालिक को पता लगा कि कंटेनर सहपऊ क्षेत्र में हैं। इसके बाद वहां की पुलिस ने हाथरस पुलिस से संपर्क किया, तब पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश हुआ। एसएचओ सहपऊ जगदीशचंद्र ने बताया कि किशोर को गिरफ्तार कर किशोर न्यायालय बोर्ड में पेश किया गया है। थाना होडल से दारोगा लाल¨सह सहपऊ पहुंचे। हरियाण पुलिस कंटेनर व माल को अपने यहां ले गई।
मां की गरीबी मिटाने को किशोर बना चोर
पुलिस हिरासत में किशोर ने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। घर में उसके अलावा मां, बड़ा भाई व बहन है। मां दूसरों के घरों में काम करती है, जो उसे पसंद नहीं। पिता की मौत के बाद उन्होंने जैसे तैसे बच्चों को पाला। उसने सोचा था कि एटा में कंटेनर व सारा माल बेचकर वह कोई अच्छा काम खोलेगा, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधर सकेगी। चार साल से वह कई गाड़ियों पर हेल्पर रहा। इतने समय में वह लगभग बड़े वाहन चलाना सीख गया। हरियाणा से सहपऊ तक वह खड़े होकर, पीठ सीट से टिका कर कंटेनर चलाकर लाया। किशोर की हरकत से पुलिस भी हैरान है।