हैंडपंप खराब होने से शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट गहराया Aliagarh news
शहर में त्योहार के समय कई इलाकों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है। हैंडपंप खराब पड़े हैं और नगर निगम की पानी की टँकी बंद पड़ी है जिससे कई इलाकों में तो लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए हैं। इससे कभी भी लोगों का गुस्सा फुट सकता है।
अलीगढ़, जेएनएन : शहर में त्योहार के समय कई इलाकों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है। हैंडपंप खराब पड़े हैं और नगर निगम की पानी की टँकी बंद पड़ी है, जिससे कई इलाकों में तो लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए हैं। इससे कभी भी लोगों का गुस्सा फुट सकता है।
जमालपुर सबसे ज्यादा प्रभावित
शहर के वार्ड नम्बर 66 के हमदर्द नगर ए, जमालपुर में पानी की भीषण समस्या है। यहां कहने को तो 14 सरकारी हैंडपंप हैं। मगर, सब खराब पड़े हुए हैं। कोई ऐसी गली नहीं है जहां पानी की समस्या खड़ी न हो। गलियों मे पानी की पाइप लाइन है, मगर सप्लाई नहीं शुरू की गई। गलियों में पानी नही आता है। बादाम नगर धोबी घाट वाला ट्यूवेल तीन साल से खराब है। वार्ड मे पानी का यह एकमात्र ट्यूबवेल है, वो भी खराब बना हुआ है। पार्षद सद्दाम हुसैन ने कहा कि पानी की समस्या के लिए कई बार नगर निगम, जलकल विभाग को लिखित शिकायत की गई, मगर कोई समाधान नहीं हुआ। वर्तमान समय में वार्ड के नागरिक बूंद-बूंद पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। आसपास के लोगों से जिनके घर सबमर्सिबल वालों से आग्रह करके पानी मांग रहे हैं। पार्षद ने कहा कि कूड़े के डंपिंग प्वाइंट से भी कूड़ा तीन-तीन दिन बाद उठ रहा है। जमालपुर में चार वार्डो में A to Z का एक ट्रैक्टर लगा हुआ है। कूड़ा तीन तीन दिन बाद उठने से बीमारियां फेल रही है।
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ी समस्या
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इनदिनों पानी की समस्या बनी हुई है। नगर निगम की सप्लाई है तो मगर प्रेशर न आने से लोगों के घरों तक पानी नही पहुंच रहा है। शहर के खाइडोरा, जयगंज, छावनी, शाहजमाल आदि क्षेत्रों में भी पेयजल संकट बना हुआ है। शहर के तमाम क्षेत्रों में प्रतिदिन पानी के लिए प्रदर्शन हो रहा है। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश का कहना है कि तमाम नए क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइन बिछाई गई है। टँकी का काम चल रहा है। कोशिश है कि जल्द सप्लाई शुरू कराई जा सके। साथ ही खराब हैंडपंप भी ठीक कराए जाएंगे।