अलीगढ़ में घरेलू कलह में फंदे पर झूली महिला, पति समेत सात ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा
देहलीगेट क्षेत्र के जलालपुर स्थित दुर्गा कॉलोनी में घरेलू कलह में महिला फंदे पर झूल गई। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित फरार हैं।
जेएनएन, अलीगढ़ : देहलीगेट क्षेत्र के जलालपुर स्थित दुर्गा कॉलोनी में घरेलू कलह में महिला फंदे पर झूल गई। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित फरार हैं।
दुर्गा कॉलोनी निवासी शिवकुमार की करीब दो साल पहले कस्बा गंंगीरी की सरोज के साथ शादी हुई थी। दंपती के बीच काफी समय से घरेलू विवाद था। तीन दिन पूर्व ही शिवकुमार पत्नी को ससुराल से बुलाकर लाया था। रविवार दोपहर में सरोज ने कमरे में पंखे से साड़ी बांधकर फंदा लगा लिया। परिजनों ने शव लटका देखा तो होश उड़ गए। खबर पर पुलिस व मायके पक्ष के लोग आ गए। सरोज के पिता महाराज सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन विवाद करते थे। बीमार होने पर पिछले महीने मायके आ गई थी। इलाज के बाद सही होने पर पति धोखे से बुलाकर लाया था। इंस्पेक्टर इंद्रेशपाल सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति शिवकुमार, ससुर महावीर सिंह, सास अशर्फी देवी, देवर देवेश कुमार समेत सात पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित फरार हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ हो सकेगा।
महिला की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या का आरोप
दादों क्षेत्र के गांव मुजफ्फरा में शनिवार रात महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। गांव के जुगेंद्र सिंह की एटा के कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरा निवासी सोबरन सिंह की बेटी अखिलेश देवी उर्फ सोमवती (45) से करीब 20 साल पहले शादी हुई थी। रोज की तरह शनिवार रात सो गईं। रविवार सुबह करीब पांच बजे पति जुगेंद्र सिंह घेर में पशुओं को चारा डालकर घर पहुंचे तो पत्नी को आवाज दी। वह नहीं जगी। झकझोरा तो वह मृत अवस्था में मिली। मौत की खबर पर घर में मातम पसर गया। खबर पर मायके पक्ष के लोग गांव मुजफ्फरा आ गए। मृतका के भतीजे विक्रम सिंह ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। पुलिस ने शव अलीगढ़ भेजा। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। बिसरा प्रिजर्व कर लिया है। मायके पक्ष से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।