सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं का आस्था का उमड़ा सैलाब Aligarh news
वैदिक ज्योतिष संस्थान के प्रमुख स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने खेरेश्वरधाम मंदिर में रुद्राभिषेक कराया। मंदिर समिति के अध्यक्ष ठा. सत्यपाल सिंह एवं गेहराज सिंह ने पूजन किया।
अलीगढ़ [जेएनएन]। सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं के आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रक्षाबंधन का पर्व भी शुभ दिन लेकर आया था। शिव मंदिरों में भक्तों ने बाबा के दर्शन किए। जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। बेलपत्र, दूब, धतूरा आदि अर्पित किया। पूरा माहौल शिवमय हो गया।
कोरोना के चलते इस बार सावन के सभी सोमवार को शिव मंदिरों के गेट बंद थे। इसलिए श्रद्धालुओं ने सोमवार को अपने घरों पर ही पूजा-अर्चना किया। सोमवार को सुबह स्नानादि करके अपने घरों में पूजा स्थल पर श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। रक्षाबंधन का पर्व होने के चलते परिवार के लोगों एक साथ पूजन में बैठे। भगवान शिव की आराधना की, शिव चालीसा का पाठ किया और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, वैदिक ज्योतिष संस्थान के प्रमुख स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने खेरेश्वरधाम मंदिर में रुद्राभिषेक कराया। मंदिर समिति के अध्यक्ष ठा. सत्यपाल सिंह एवं गेहराज सिंह ने पूजन किया। स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने कहा कि शिव के बारे में धारणा रखते हैं कि यदि वह नाराज हो जाते हैं तो लय से प्रलय कर देते हैं, मगर शिव सबसे सहज और सरल भी हैं, तनिक भक्ति में वह प्रसन्न हो जाते हैं। शिव ऐसे देवता हैं जो मात्र दूब, धतूरा और बेलपत्र से प्रसन्न हो जाते हैं। आचार्य गौरव शास्त्री, ऋषि शास्त्री, रवि शास्त्री, मनोज शास्त्री ने पूजन कराया।