पेयजल संकट पर सेवाभवन में प्रदर्शन, अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी Aligarh news
गर्मी के मौसम के दस्तक देने के साथ ही पेयजल संकट गहराने लगा है। समस्या का समाधान न होने से नाराज लोग सड़क पर उतर रहे हैं। सोमवार को इंद्रानगर की महिलाओं ने इसी समस्या को लेकर सेवाभवन में प्रदर्शन किया।
अलीगढ़, जेएनएन : गर्मी के मौसम के दस्तक देने के साथ ही पेयजल संकट गहराने लगा है। समस्या का समाधान न होने से नाराज लोग सड़क पर उतर रहे हैं। सोमवार को इंद्रानगर की महिलाओं ने इसी समस्या को लेकर सेवाभवन में प्रदर्शन किया। मेयर व नगर निगम अधिकारी का विरोध कर मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने 20 दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
काफी दिनों से बनी हुयी है समस्या
देहलीगेट क्षेत्र में खैर रोड स्थित इंद्रानगर में पिछले काफी दिनों से पेयजल की समस्या बनी हुई है। नलकूप से प्रेशर के साथ पानी नहीं आ पा रहा। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इसको लेकर पहले भी शिकायतें की गईं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पेयजल समस्या पर गंभीरता न बरतने से नाराज महिलाएं सेवाभवन पहुंच गईं और हाथों में लगी पट्टिका लहराते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। मेयर व नगर निगम अधिकारियों पर लापरवाही, अनदेखी के आरोप लगाकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। महिलाओं की भीड़ तीसरी मंजिल पर अपर नगर आयुक्त के केबिन में पहुंची।
20 दिन में समाधान का मिला आश्वासन
अपर नगर आयुक्त ने महिलाओं की समस्या सुनकर 20 दिन में समाधान करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि स्थाई समाधान होने तक प्रतिदिन दो वाटर टैंकरों से पेयजल आपूर्ति कराई जाएगी। आश्वासन मिलने पर महिलाओं लौट गईं। महिलाओं का कहना था कि होली का पर्व नजदीक है, ऐसे में पेयजल संकट बना रहा तो काफी परेशानी होगी। प्रदर्शन करने वालों में शांति देवी, मुन्नी देवी, चंद्रकांता देवी, रानी देवी, रामा देवी, रजनी देवी, सतीश मूर्ति, गुड्डू माहौर, कमल सिंह, दीपक राज, अनिल, मुनीम, विनय कुमार, देवकी, सोनू, माहौर आदि थे।