अलीगढ़ में दिल्ली की वृद्धा की चाकू मार कर हत्या
गमी में शामिल होने आई थी नाती ने किया हमला दो घायल क्वार्सी थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : रिश्तेदारी में हुई गमी में शामिल होने दिल्ली से आई वृद्धा की शहर के जाकिर नगर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमला रिश्ते के नाती ने ही किया। महिला के सिर पर तीन चाकू मारे गए। इसका कारण घरेलू कलह बताई गई है। बीच-बचाव कराने पहुंची महिला समेत दो लोग भी हमले में घायल हुए हैं।
दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र के शास्त्रीपार्क निवासी 60 वर्षीय चमन बेगम रविवार को आई थीं। जाकिर नगर गली नंबर 14 में रहने वाले उनके रिश्तेदार के यहा गमी हो गई थी। पास ही समी हैदर रहता है। वह चमन का नाती लगता है। समी की मौसेरी बहन चमन बेगम के नाती को ब्याही है। इनमें आपसी विवाद काफी दिन से चल रहा है। चमन बेगम को देख समी ने मौसेरी बहन का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। चमन बेगम ने उसे डाट दिया। इससे नाराज होकर समी ने चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए रिश्तेदार असगर हुसैन व छोटी भी चाकू लगने से घायल हो गए। हमलावर धमकी देते हुए भाग गया। घायल चमन बेगम, असगर हुसैन व छोटी को पुलिस की मदद से स्वजन रामघाट रोड के निजी अस्पताल ले गए। जहां सोमवार को चमन बेगम ने दम तोड़ दिया। थाना क्वार्सी के इंस्पेक्टर छोटेलाल ने बताया कि रंजिश में चमन बेगम की हत्या की गई है। वृद्धा के बेटे जाकिर हुसैन की तहरीर पर आरोपित समी हैदर, उसके भाई सबलू, शायरा बेगम व अर्सी निवासी जाकिर नगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।