होटल में लहूलुहान मिला था दिल्ली का युवक, जांच में पुलिस को मिले अहम सुराग, जानिए विस्तार से Aligarh News
गांधीपार्क थाना क्षेत्र के शाहकमाल रोड स्थित एक होटल में बुधवार शाम को एक युवक लहूलुहान हालत में मिला था। युवक के हाथों व पेट पर चाकू से वार किए गए थे। युवक का कहना था कि एक व्यक्ति ने आकर हमला किया है।
अलीगढ़, जेएनएन। गांधीपार्क थाना क्षेत्र के शाहकमाल रोड स्थित एक होटल में बुधवार शाम को एक युवक लहूलुहान हालत में मिला था। युवक के हाथों व पेट पर चाकू से वार किए गए थे। युवक का कहना था कि एक व्यक्ति ने आकर हमला किया है। लेकिन, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि युवक किसी बीमारी से पीड़ित था। इसीलिए खुद पर हमला कर लिया।
दिल्ली का है युवक
पूर्वी दिल्ली के ब्लाक-आठ, सूरजमल विहार लक्ष्मी नगर गांधी नगर निवासी योगेश कुमार जैन बुधवार को किसी काम से अलीगढ़ आया था। यहां गांधीपार्क बस स्टैंड के पास शाहकमाल रोड पर औरा होटल में सुबह 11:38 बजे कमरा नंबर 106 बुक किया। शाम करीब चार बजे कमरे में सफाई के लिए एक कर्मचारी पहुंचा तो देखा कि योगेश कमरे खून से लथपथ जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। युवक बोलने की स्थिति में नहीं था। लेकिन, इतना जरूर बताया कि कमरे में एक व्यक्ति आया था, जिससे कहासुनी हुई। उसी व्यक्ति ने चाकू से पेट पर वार किया। बचाव करते वक्त हाथों पर भी चाकू लगा। कर्मचारी के शोर मचाने पर मैनेजर विनोद कुमार आए। इसके बाद घायल योगेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि होटल के कमरे में युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान मिला है। घटना संदिग्ध लग रही है। उसके स्वजन बुला लिए गए हैं। जानकारी मिली है कि युवक किसी बीमारी से परेशान था। ऐसे में संभावना है कि उसने खुद ही हमला कर लिया है। होटल के सीसीटीवी देखे जा रहे हैं। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।