गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे के सर्विस लेन पर गड्ढों का गहरा जख्म, हादसा होने का खतरा Aligarh News
हाईवे जिसपर हर किसी की नजर रहती है उसे तो चमका दिया जाता है मगर उससे निकल रहे सर्विस लेन पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। तमाम जगहों पर तो सर्विस लेन पगडंडी से भी खराब हालात में हैं वहां पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है।
अलीगढ़, जेएनएन। हाईवे जिसपर हर किसी की नजर रहती है उसे तो चमका दिया जाता है, मगर उससे निकल रहे सर्विस लेन पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। तमाम जगहों पर तो सर्विस लेन पगडंडी से भी खराब हालात में हैं, वहां वाहन की बात तो छोड़ दीजिए, पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। आगरा रोड पर मंदिर के नगला के पास निकल रहे गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे की भी इनदिनों यही स्थिति है। सर्विस लेन पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है, आएदिन यहां वाहन पलटते रहते हैं।
गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे फोरलेन है। हाईवे से होते हुए तमाम जगहों पर सर्विस लेन निकाले गए हैं। गभाना से लेकर खेरेश्वरधाम तक तो स्थिति ठीक है। मगर खेरेश्वरधाम से पनेठी की ओर बढ़ते ही सर्विस लेन की हालत बद से बदत्तर है। मथुरा रोड की ओर निकल रहे सर्विस लेन काफी खस्ताहाल में है। उससे आगे बढ़ने पर आगरा और अलीगढ़ के लिए मुड़ रहे सर्विस लेन की स्थिति तो और ही खराब है। यह सर्विस लेन आगरा हाईवे को भी जोड़ता है। शेखर सर्राफ मेमोरियल हास्पिटल के एकदम नजदीक है। सर्विस लेन पर बिना बारिश के ही जलभराव रहता है। बिन बारिश के ही पानी यहां हिलोरे मारता है। इनदिनों तो बारिश होने से और हालात खराब है। आगरा रोड से शहर की ओर मुड़ने पर ही मुसीबत खड़ी हो जाती है। इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि ट्रक आदि वाहनों के पहिए उसमें समा जाते हैं। मैक्स, लोडर, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन अक्सर पलट जाते हैं। रात में तो इस मार्ग से निकलना मुश्किल होता है। कमोवेश यही स्थिति आगरा की ओर मुड़ने पर भी है, उसकी सर्विस लेन भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। कालोनी का पानी आता है
दिल्ली जाने वालों को दिक्कत
मंदिर नगला और पास ही कालोनी का पानी हाईवे के सर्विस लेन पर आता है। जिससे सर्विस लेन पर हमेशा जलभराव बना रहता है। इसके चलते सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे गड्ढों का अंदाजा ही नहीं लग पाता है। तीन-चार महीने पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला आए थे तो पानी निकासी का रास्ता बना दिया गया था, मगर उसके बाद से फिर कोई चिंता नहीं की जा रही है, जिससे लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है। शहर के अधिकांश लोग अपने वाहनों से दिल्ली जाते हैं। मंदिर का नगला के पास से आगरा हाईवे से गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे की ओर मुड़ते हैं तो उन्हें गड्ढों से होकर जाना पड़ता है। कार, स्कूटर और बाइक के पहिए पूरी तरह से गड्ढे में समा जाते हैं। बाइक सवार अक्सर गिरकर घायल होते रहते हैं।
ड्रेन की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं बन पाता है। कई बार मैं सर्वे कर चुका हूं। यदि नगर निगम ड्रेन बनवा देता है तो पानी निकासी की व्यवस्था करा दी जाएगी।
पीपी सिंह, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआइ