अलीगढ़ में कोविड स्टाफ ने चिट्ठी लिखकर मांगी छुट्टी, जानिए क्यों
कोरोना संक्रमण काल में तमाम कर्मचारियों को लगातार ड्यूटी करनी पड़ रही है। पहले कोविड वार्ड में ड्यूटी लगती है उसके बाद नान कोविड कार्य में। 14 दिन बाद फिर से कोविड वार्ड में ड्यूटी लगा दी जाती है। इस बीच तमाम कर्मचारी ऐसे हैं।
अलीगढ़, जेएनएन। कोरोना संक्रमण काल में तमाम कर्मचारियों को लगातार ड्यूटी करनी पड़ रही है। पहले कोविड वार्ड में ड्यूटी लगती है, उसके बाद नान कोविड कार्य में। 14 दिन बाद फिर से कोविड वार्ड में ड्यूटी लगा दी जाती है। इस बीच तमाम कर्मचारी ऐसे हैं, जिन्हें एक दिन की छुट्टी तक नहीं मिल रही। ऐसे कर्मियों ने अपने घर-परिवार वालों से मिलने के लिए सीएमएस को चिट्ठी लिखकर छुट्टी मांगी है। हालांकि, हालात का हवाला देते हुए किसी को छुट्टी नहीं मिल रही। ऐसे में कई कर्मियों का मनोबल टूटने लगा है।
दीनदयाल कोविड अस्पताल में 250 से अधिक मरीज भर्ती
दीनदयाल कोविड अस्पताल में सर्वाधिक (250 से अधिक) मरीज भर्ती हैं। यहां गंभीर मरीजों को लेवल-टू की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए छह टीमें बनाई गई हैं। तीन टीमें 14 दिन तक शिफ्टवाइज ड्यूटी करती हैं। 14 दिन बाद दूसरी टीम की ड्यूटी लगाई जाती है। पहली टीम से नान कोविड कार्य (इमरजेंसी, हेल्प डेस्क आदि) लिया जाता है। एक रिजर्व टीम भी बनाई गई है। हालांकि, स्टाफ कम होने से यह व्यवस्था गड़बड़ा गई है। काफी स्थाई कर्मचारी इस बार भी कोविड ड्यूटी नहीं कर रहे। कांट्रेक्ट या अन्य संविदा कर्मियों को ज्यादा ड्यूटी करनी पड़ रही है। लगातार ड्यूटी के चलते गैर जनपद के कर्मचारी अपने घर-परिवार तक से नहीं मिल पा रहा। कुछ कर्मचारियों ने खुले तौर पर बीवी-बच्चों को हवाला देते हुए सीएमएस से छुट्टी मांगी है। साफ कहा है कि उनका ड्यूटी के नाम पर उत्पीड़न न किया जाए। सीएमएस डा. एबी सिंह का कहना है कि स्टाफ की काफी कमी है। ऐसे में सभी को लगातार ड्यूटी करनी पड़ रही है। सीएमओ व अन्य अधिकारियों से स्टाफ मांगा है।