Phase III : 13 केंद्रों के 28 बूथों पर कल लगेगी कोरोना वैक्सीन Aligarh news
कोरोना वैक्सीन के पहले चरण में गुरुवार को तीसरी बार टीकाकरण किया जाएगा। जिले में इस दिन कुल 13 केंद्रों पर 28 बूथ बनाए गए है। इसमें 22 बूथों पर 125-125 व छह बूथों पर सौ-सौ लाेगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।
अलीगढ़, जेएनएन : कोरोना वैक्सीन के पहले चरण में गुरुवार को तीसरी बार टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है। जिले में इस दिन कुल 13 केंद्रों पर 28 बूथ बनाए गए है। इसमें 22 बूथों पर 125-125 व छह बूथों पर सौ-सौ लाेगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। चयनित लाभार्थियों को सूचना दे दी गई है। इस बार विभागीय अफसरों ने लाभार्थियों का फीसद बढ़ाने पर खासा जाेर दिया है। इसके बाद शुक्रवार को भी टीका लगाया जाएगा।
16 जनवरी से टीकारण शुरू
16 जनवरी को कोरोना वैक्सीन के पहले चरण में स्वास्थ कर्मियों के लिए टीके की शुरुआत हुई थी। जिले में इस दिन कुल चार केंद्र बने थे। इन पर 400 लोगों में से 281 कर्मचारियों को टीका लगा था। इसके बाद 22 जनवरी को दूसरी बार टीका लगा। इस दिन 2450 लाेगों में से महज 1281 लोगों ने ही टीका लगवाया। अब गुरुवार को तीसरी बार टीका लगेगा। इसके लिए कुल 13 केंद्रों पर 28 बूथ बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 3350 लोगों को बुलाया गया है। सभी चयनित लाभार्थियों को सूचना दे दी गई है।
तैयारियां हुई पूरी
गुरुवार काे टीकाकरण को लेकर चयनित स्वास्थ्य केंद्रों पर तैयारियां पूरी हो गई हैं। सभी केंद्रों पर साफ-सफाई कर दी गई है। कोविड-19 की गाइडलाइन और निर्धारित तरीके से टीका लगाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। सभी अस्पतालों में निगरानी कक्ष और टीकाकरण कक्ष पर नियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।