Corona Economic Crisis : एडीए ने शर्त पर खोली फैक्ट्रियों की सील Aligarh News
गूलर रोड पर शक्ति नगर स्थित आशा इंडिया इंडस्ट्रीज व कल्याणपुरम स्थित अनुभव चौधरी (अनुभव अग्रवाल) की हार्डवेयर फैक्ट्री की सील मंगलवार को खोल दी गई। समन शुल्क जमा करने व प्रदूषण रोकने के उपाय करने की शर्त रखी है।
अलीगढ़, जेएनएन। गूलर रोड पर शक्ति नगर स्थित आशा इंडिया इंडस्ट्रीज व कल्याणपुरम स्थित अनुभव चौधरी (अनुभव अग्रवाल) की हार्डवेयर फैक्ट्री की सील खोल दी गई। इन फैक्ट्रियों को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने सील किया था। सीलिंग के खिलाफ लघु उद्योग भारती की अगुवाई में शहर के सभी व्यापारी संगठन एक मंच पर आ गए थे। उद्योग बचाओ मंच के बैनरतले भाजपा सांसद सतीश गौतम व सभी सातों विधायकों ने एडीए उपाध्यक्ष और जिला प्रशासन पर दबाव बनाया था। कमिश्नर के हस्तक्षेप के बाद अफसरों ने यू-टर्न लिया। सीलिंग हटाने पर एडीए ने समन शुल्क जमा करने व प्रदूषण रोकने के उपाय करने की शर्त रखी है।
यह है मामला
29 अक्टूबर को सासनीगेट स्थित कल्याणपुरम में अभिनव अग्रवाल की हार्डवेयर फैक्ट्री को लैंड यूज चेंज न होने व आवासीय क्षेत्र में होने के कारण एडीए ने सील किया था। इसके दो दिन बाद शक्ति नगर स्थित प्रमोद अग्रवाल की आशा इंडिया कंपनी सील कर दी। इस फैक्ट्री के सील होते ही उद्यमियों में रोष पनप गया। लघु उद्योग भारती के प्रदेश समन्वयक व भाजपा नेता डॉ. राजीव अग्रवाल के आवास पर भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह व ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष श्यौराज सिंह से उद्यमियों ने दर्द बयां किया। बीते शनिवार को जीटी रोड स्थित एक मैरिज होम में भाजपा के दिग्गज नेता, सांसद सतीश गौतम, विधायक दलवीर सिंह, अनिल पाराशर, संजीव राजा व राजकुमार सहयोगी ने कार्रवाई का विरोध किया। सांसद ने रविवार को कमिश्नर से बात की।डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन ने पार्टी व जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए सील खोली हैं। इसमें किसी की हार जीत का सवाल नहीं है। सरकार कोरोना संकट को लेकर उद्योगों को प्रोत्साहन दे रही है। ताकि अर्थव्यवस्था पटरी पर आ सके। अशोक चौधरी ने कहा कि उनकी फैक्ट्री खुल गई है।
शिकायतकर्ता जाएंगे एनजीटी
कल्याणपुरम में जिस शिकायतकर्ता ने अभिनव अग्रवाल की फैक्ट्री के अवैध व प्रदूषितकारी होने का दावा किया है, वह अब नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में वाद दाखिल करेंगे। यहां के राजकुमार गोस्वामी ने कहा कि इस फैक्ट्री को एडीए उपाध्यक्ष ने सील कराया तो क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली थी। अधिकारियों ने दबाव में आकर फिर से खोल दिया है। गोस्वामी ने कहा कि वे हार नहीं मानेंगे। विधिक राय ले रहे हैं।