सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल के निधन पर शोक में कांग्रेसी Aligarh news
मुस्लिम समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले सांसद अहमद पटेल के निधन की सूचना पर कांग्रेसियों में मातम छा गया। इंटरनेट मीडिया व पार्टी के आंतरिक वाट्सएप ग्रुप पर पटेल को श्रृद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया।
अलीगढ़, जेएनएन : मुस्लिम समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले सांसद अहमद पटेल के निधन की सूचना पर कांग्रेसियों में मातम छा गया। इंटरनेट मीडिया व पार्टी के आंतरिक वाट्सएप ग्रुप पर पटेल को श्रृद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया।
वक्ताओं ने उनकी संघर्ष की गाथाओं को सुनाया
मेडिकल रोड स्थित महानगर कांग्रेस के कैंप कार्यालय पर बुधवार को श्रृद्धांजलि सभा हुई। वक्ताओं ने पटेल द्वारा पार्टी के लिए किए गए संघर्ष की गाथाओं को खूब सुनाया। प्रदेश कांग्रेस की पूर्व महासचिव रूही जुबैरी ने कहा कि दो माह पहले पटेल से उनकी मुलाकात हुई थी। वे हसमुख स्वाभव के थे। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के मुख्य सलाहकार रहे। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने भी पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष परवेज अहमद ने कहा कि पटेल कांग्रेस के मुख्य आधार स्तंभ थे। वे युवा अवस्था में 1977 में पहली बार गुजरात प्रदेश से लोकसभा का चुनाव जीते थे। इंतकाल से पहले भी पटेल इसी राज्य से लोकसभा में आखरी मुस्लिम सांसद रहे। वह तीन बार लोकसभा व पांच बार राज्यसभा सदस्य रहे । उन्होंने हमेशा कांग्रेस को मजबूत करने के लिए ताउम्र संघर्ष किया। कांग्रेस में रहकर देश की एकता व अखंडता को मजबूत किया। देश की विदेश नीति, कृषि उत्पादन नीति, व्यापार नीति आदि निवेश विदेशों में करा कर भारत को आत्मनिर्भर और विकासशील राष्ट्रों में शामिल कराया।
कांग्रेस को अपूर्णनीय क्षति हुई
पूर्व जिलाध्यक्ष ठा. संतोष सिंह ने कहा कि पटेल के निधन से कांग्रेस को जो क्षति हुई है, उसे पूरा करना असंभव है। वह अल्पसंख्यक, दलित शोषित समाज के महानायक थे। अंत में कार्यकर्ताओं ने दो मिटन का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना। शोक व्यक्त करने वालों में वीरी सिंह बंजारा, असद फ़ारूक़, मुशताक अहमद, सौरभ द्विवेदी, अरविंद शर्मा, इनायतुल्लाह, अदीब हसन ,तारिक़ खुवाजा, रामगुपाल रैना, ठा. अमित सिंह, करुणा सिंह चौहान, अनीता करोतिया, ब्रह्मदेव बघेल, प्रमोद शर्मा, राकेश जैन, मोहम्मद सोहेल, मुन्नालाल पापा, राजू पासवान, दीपक भारद्वाज, शेरपाल सविता, इंद्राज मासी, कुंवर रियाज अहमद आदि हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य शाहिद खान ने भी पटले के निधन पर शोक व्यक्त किया है।