अलीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस के लिए सूबे की धरती बंजर हो चुकी है। लिहाजा, खोई जमीन तलाशने के लिए भरकस कोशिश की जा रही है। इसके लिए हर बूथ व न्याय पंचायत पर कमेटियां बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। दरअसल, हाईकमान की नजर पंचायत चुनावों पर है। लिहाजा, गांव-गांव जाकर पुराने कांग्रेसियों को फिर से सक्रिय किया जा रहा है। यही नहीं, कमेटियों में भी गांव के प्रधान, पूर्व प्रधान व युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। दरअसल, शहरी वोटरों को भाजपा व अन्य दलों से तोड़ना बेहद कठिन हो रहा है। पार्टी को लगता है कि सत्ता की चाभी अब गांव में ही मिलेगी। लिहाजा, पार्टी नेताअों ने पंचायत चुनाव को पूरी ताकत से लड़ने का ऐलान किया है।
अध्यक्ष व 10 सदस्य
हाईकमान के निर्देश पर सभी पोलिंग बूथ क्षेत्र में एक-एक अध्यक्ष की नियुक्ति होनी है। फिलहाल, महासचिव, सचिव, उपाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी नहीं बनाए जा रहे। केवल 10 सदस्य हर बूथ पर नियुक्त किए जाएंगे। बूथ कमेटी को पूरे क्षेत्र में कांग्रेस की रीति-नीति से लोगों को अवगत कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसलिए इनमें पार्टी के निष्ठावान, ऊर्जावान व पुराने कार्यकर्ताअों को मौका दिया जा रहा है। युवाअों को भी इनमें तवज्जो दी जाएगी । पहले चरण में 1200 से ज्यादा बूथों पर ये अध्यक्ष व सदस्य नियुक्त किए जाएंगे। इसी तरह प्रत्येक न्याय पंचायत पर एक अध्यक्ष व 10 सदस्यों की नियुक्ति होनी है। पार्टी की मंशा स्पष्ट है कि मजबूत तो सब मजबूत।
सभी पदों पर लड़ेगी चुनाव
पार्टी नेताओं के अनुसार कांग्रेस सभी पदों पर पंचायत चुनाव लड़ेगी। ग्राम प्रधान से लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशी उतारे जाएंगे। ब्लाॅक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भी इस बारे दावेदारी करने का संदेश हाईकमान से मिल चुका है। स्थानीय नेता इसकी तैयारी में जुट भी चुके हैं।
गुटबाजी का रोड़ा
कांग्रेस भले ही दूर की सोच रही हो, मगर इस हकीकत से मुंह नहीं चुरा सकती है कि पार्टी में हर स्तर पर गुटबाजी व्याप्त है। दरअसल, नेता तो हर कोई बनना चाहता है, लेकिन कार्यकर्ता के रूप में काम करने को तैयार नहीं। मेहनत करने के लिए कोई तैयार नहीं। हकीकत में गुटबाजी को बढ़ाने में वरिष्ठ नेता ही सबसे ज्यादा कसूरवार हैं। वे कभी भी गुटबाजी को खत्म करना ही नहीं चाहते। चौ. बिजेंद्र सिंह के सपा में जाने के बाद भी गुटबाजी है। आए दिन जिलाध्यक्ष को ही निशाना बनाया जाता है। ऐसे में गुटबाजी का रोड़ा, हर कार्य में बाधा बन जाता है।
बूथ व न्याय पंचायत स्तर पर कमेटियां बनाने का काम शुरू कर दिया गया। सभी लोग मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं, यह मानकर पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। इस बार हम हर पद पर चुनाव लड़ेंगे।
- चौ. सुरेंद्र सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष।
अलीगढ़ में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे